टीटीजेड में सख्ती: ताजनगरी में कूड़ा जलाने वालों की होगी धरपकड़ और एफआईआर, खुफिया टीमें रखेंगी नजर
ताज ट्रिपेजियम जोन की समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त अमित गुप्ता ने अफसरों को सख्त निर्देश दिए हैं। साथ ही शीतलहर के दौरान अलाव में कोयला और लकड़ी जलाने पर रोक लगा दी गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ताजनगरी में कूड़ा जलाने वालों की धरपकड़ होगी और उनके खिलाफ एफआईआर होगी। यदि सफाईकर्मी कूड़ा जलाता है तो, उसे निलंबित किया जाएगा। कूड़ा जलाने वालों पर खुफिया टीमें नजर रखेंगी। ये निर्देश बृहस्पतिवार को ताज ट्रिपेजियम जोन (टीटीजेड) की बैठक में चेयरमैन एवं मंडलायुक्त अमित गुप्ता ने नगर आयुक्त निखिल टीकाराम फुंडे को दिए। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने आयुक्त को बताया कि 10 स्थानों पर शहर में कूड़ा जलाया जाता है और 14 सड़कों पर धूल उड़ती है।
आयुक्त अमित गुप्ता ने बताया कि कूड़ा जलने वाले स्थानों पर खुफिया टीमें भ्रमण करेंगी। कूड़ा जलाते पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई होगी। डीएम इसकी साप्ताहिक समीक्षा करेंगे। कूड़ा जलाने पर अब तक हुई एफआईआर, जुर्माना और अन्य कार्यवाही की रिपोर्ट नगरायुक्त से मांगी है। शीतलहर में अलाव जलाने के दौरान कूड़ा, कोयला व लकड़ी इस्तेमाल नहीं होगा। सिर्फ गैस के अलाव जलेंगे।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी विश्वनाथ शर्मा ने आयुक्त को बताया कि शहर में दस जगह कूड़ा जलाने के हॉटस्पॉट चिह्नित किए हैं। 14 सड़कों पर धूल उड़ती है। आयुक्त ने धूल उड़ने वाली सड़कों के किनारे पर घास लगाने के आदेश दिए हैं। साथ ही सफाईकर्मियों में जागरूकता के लिए कार्यशाला आयोजित करने को कहा है।
यहां जलता है कूड़ा
प्रदूषण बोर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक बालूगंज में बैकुंठी देवी महाविद्यालय के पीछे चीलघर और रेलवे लाइन, नाला काजीपाड़ा, गढ़ी भदौरिया में ढाकरी के महल के पास, सुंदरपाड़ा में गोशाला और रेलवे लाइन के पास, बैनारा फैक्टरी के पीछे, बासन फैक्टरी के सामने, नीरवकुंज सिकंदरा, बीडी गार्डन शास्त्रीपुरम में आग लगाकर कूड़े का निस्तारण होता है।
यहां सड़कों पर उड़ रही धूल
ट्रांसपोर्ट नगर, शाहगंज-बोदला रोड, मारुति एस्टेट, गढ़ी भदौरिया से प्रतापपुरा रोड, पंचकुइयां-शाहगंज रोड, एमजी रोड-टू, यमुना किनारा, बोदला-बिचपुरी रोड, बोदला-पश्चिमपुरी रोड, सिकंदरा-बोदला रोड, आवास विकास कॉलोनी की चार सड़कों पर धूल उड़ती हैं।
निरस्त होंगे कोल डिपो के लाइसेंस
ताजनगरी में कोयला जलाने पर रोक है। इसके बावजूद शहर में कोयला बिक रहा है। आयुक्त अमित गुप्ता ने बताया कि सभी कोल डिपो की जांच कराई जाएगी। जिन डिपो संचालकों द्वारा कोयला खरीद के दस्तावेज व बिक्री व्यवस्थित नहीं हैं उनके पंजीकरण व लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे।
यमुना किनारे नहीं खड़े होंगे वाहन
यमुना किनारा से ट्रांसपोर्ट एजेंसियों की ट्रांसपोर्ट नगर में शिफ्टिंग कराने के आदेश आरटीओ व वाणिज्य कर विभाग को आयुक्त ने दिए हैं। आयुक्त ने कहा मार्ग में वाहन खड़े नहीं होंगे। ऐसे वाहनों के चालान किए जाएंगे। जीएसटी पंजीकरण में दर्ज स्थान से इतर संचालित ट्रांसपोर्ट एजेंसियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। साथ ही एडीए उपाध्यक्ष व नगरायुक्त को ट्रांसपोर्ट नगर में सफाई, शौचालय, सड़क व अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं।
हाईवे पर सफाई में लापरवाही
मथुरा और फिरोजाबाद की सीमा में हाईवे पर गंदगी और बदहाल सफाई व्यवस्था पर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सफाई कार्य गंभीरता से कराने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारियों से सफाई कार्यों का अनुश्रवण करने के लिए कहा है।
मेट्रो पर लगाएं जुर्माना
फतेहाबाद रोड पर मेट्रो निर्माण के दौरान मानक के अनुरूप सफाई नहीं होने पर भी आयुक्त नाराज हुए। उन्होंने प्रदूषण बोर्ड को निरीक्षण करने और जुर्माना लगाने के आदेश दिए हैं। बैठक में आगरा डीएम प्रभु नारायण सिंह, मथुरा डीएम नवनीत सिंह चहल, फिरोजाबाद डीएम चंद्र विजय सिंह, अपर आयुक्त प्रशासन साहब सिंह, एडीए उपाध्यक्ष राजेंद्र पैंसिया, एसएसपी सुधीर कुमार आदि मौजूद रहे।
बैठक में हुए ये निर्णय
- पॉलिथीन इस्तेमाल की जांच के लिए जिलों में टीमें भेजी जाएं।
- कूड़ा जलाने से रोकने के लिए लोगों को जागरूक किया जाए।
- डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की निकायों से रिपोर्ट मंगाई जाए।
- अस्पतालों में मेडिकल वेस्ट के उठान का सत्यापन किया जाए।
- जहां नए कूड़ा प्लांट लगने हैं उनकी सूची उपलब्ध कराई जाए।
- जिलाधिकारी मथुरा में बंद कूड़ा प्लांट को तत्काल चालू कराएं।
- कोयला उपयोग की जांच के लिए पेठा इकाइयों की जांच होगी।
- कोयला इकाइयों में गैस खपत की रिपोर्ट डीएम को भेजी जाए।
- धूल उड़ने वाली सड़कों के किनारे घास लगाई जाए।
- यमुना किनारा पर ट्रांसपोर्ट वाहन खड़े नहीं होने चाहिए।
- ट्रांसपोर्ट नगर में सफाई, शौचालय व अन्य सुविधाएं की जाएं।