Firozabad: डीएपी वितरण के दौरान भिड़े किसान, फायरिंग, एक को गोली लगी
आरोप है कि इस दौरान खेरिया के एक किसान ने लाइसेंसी रायफल से फायरिंग कर दी। फायरिंग होने से भगदड़ मचने के साथ ही चीख पुकार मच गई। इस दौरान स्यौडा निवासी विजेंद्र सिंह के पैर में गोली लग गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फिरोजाबाद के जसराना में डीएपी वितरण के दौरान सोमवार दोपहर को साधन सहकारी समिति स्यौंडा पर किसानों के बीच विवाद हो गया। इस बीच फायरिंग होने से एक किसान के पैर में गोली लग गई। गोली लगने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसान को सीएचसी में भर्ती कराया। मौके पर पहुंचे एसडीएम एवं सीओ ने डीएपी का वितरण कराया। आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
यहां का है मामला
साधन सहकारी समिति स्यौंडा पर स्यौंडा के साथ खेरिया अहमद, उतरारा एवं अन्य गांवों के किसान डीएपी लेने पहुंचे। डीएपी वितरण के दौरान खेरिया एवं स्यौंडा के किसान आपस में भिड़ गए। आरोप है कि इस दौरान खेरिया के एक किसान ने लाइसेंसी रायफल से फायरिंग कर दी। फायरिंग होने से भगदड़ मचने के साथ ही चीख पुकार मच गई। इस दौरान स्यौडा निवासी विजेंद्र सिंह के पैर में गोली लग गई। एसडीएम विवेक राजपूत, सीओ देवेंद्र सिंह, कोतवाल आजादपाल सिंह मय पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंचे। घायल को उपचार के लिए भेजा। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
इसलिए हो रही परेशानी
सीओ जसराना देवेंद्र सिंह ने कहा डीएपी वितरण के दौरान आपस में हंगामा होने पर फायरिंग हुई है। एक किसान के पैर में गोली लगी है। एसडीएम विवेक राजपूत ने कहा डीएपी की कोई कमी नहीं है। अधिक संख्या में किसानों के पहुंचने के कारण परेशानी हो रही है।
तहसीलवार अधिकारी तैनात, कंट्रोल रूम बना
साधन सहकारी समितियों पर किसानों की भीड़ और डीएपी की किल्लत को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने तहसील स्तर पर अफसरों को तैनात किया है। कंट्रोल रूम भी बनाया है। किसानों को खतौनी के हिसाब से डीएपी, एनपीके का वितरण कराया जाए। किसानों को सलाह दी कि जितनी जरूरत हो उतनी ही डीएपी ले जाएं। डीएम रवि रंजन ने कहा कि किसानों को खाद मुहैया कराने के लिए तहसील स्तर पर एसडीएम एवं कृषि विभाग से जुड़े अफसरों की टीम गठित की है। सदर तहसील में एसडीएम के अलावा जिला उद्यान अधिकारी डॉ. संजीव कुमार वर्मा, टूंडला तहसील में जिला कृषि अधिकारी रविकांत सिंह तथा एसडीएम टूंडला को जिम्मेदारी सौंपी है।
उप निदेशक कृषि हरिनाथ सिंह एवं एसडीएम शिकोहाबाद शिवध्यान पांडेय को शिकोहाबाद तहसील, सहायक निबंधक सहकारिता प्रमोद वीर आर्य एवं एसडीएम सिरसागंज विवेक मिश्रा को सिरसागंज तहसील तथा जसराना एसडीएम विवेक राजपूत के साथ ही प्रमोद कुमार कृषि विभाग के अधिकारी को तैनात किया है। डीएम ने जिम्मेदारी सौंपी है अपनी-अपनी तहसील क्षेत्र में किसानों को उनकी खतौनी के हिसाब से डीएपी एवं एनपीके को दिलाने का काम करेंगे।
इस नंबर दें सूचना
डीएम ने जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया है। कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 7839882692 पर किसान सूचना दे सकेंगे। किसान को डीएपी मिलने में दिक्कत होने पर कंट्रोल रूम को सूचना दे सकेंगे।
इस हिसाब से मिलेगी खाद
डीएम रवि रंजन ने जिले के किसानों से कहा कि रबी की प्रमुख फसलें आलू, सरसों, गेहूं, चना मटर इत्यादि के लिए फास्फेटिक उर्वरक डीएपी एनपीके के लिए आवश्यकता के हिसाब से किसान जोतबही के साथ लें। कोई किसान बिना आधारकार्ड के डीएपी नहीं खरीदें। कृषि विभाग के मानक के हिसाब से एक एकड़ आलू की फसल के लिए तीन बैग, गेहूं, सरसों के लिए एक बैग डीएपी तथा सब्जी जौ, मसूर, चना, मटर व चारा के लिए दो बैग डीएपी प्रति एकड़ अनुमन्य है।
किसान यूनियन ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
डीएपी की किल्लत का लेकर अखिल भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष प्रवेश यादव के नेतृत्व में किसान एवं पदाधिकारी जिलाधिकारी से मिलने पहुुंचे। जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर डीएपी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के साथ ही सचिवों की जांच कराने की मांग की। प्रवेश यादव ने कहा सचिव जानबूझकर किसानों को परेशान करने का कार्य कर रहे हैं। किसानों को जबरन डीएपी के साथ अन्य सामान भी दिया जा रहा है। किसान नेताओं ने जांच कराने के बाद कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन देने के दौरान अमरपाल सिंह यादव, आशीष कुमार यादव (एडवोकेट), विजेंद्र सिंह यादव, सचिन यादव मौजूद रहे।