मथुरा : डीएम के सामने किसान ने की पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश, बोला- थक गया हूं 24 साल से चक्कर लगाते-लगाते...
जिलाधिकारी मथुरा जैसे ही अपनी गाड़ी की ओर बढ़े तो किसान सामने आ गया। बोतल में भरा पेट्रोल खुद पर छिड़क लिया और आत्मदाह का प्रयास किया। ये देख डीएम की सुरक्षा में तैनात सिपाहियों ने तत्काल उसे पकड़ लिया। इसके बाद जिलाधिकारी ने उसकी समस्या सुनी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मथुरा में छाता तहसील सभागार में शनिवार को डीएम नवनीत सिंह चहल की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान एक किसान ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क कर आत्मदाह की कोशिश की। किसान का कहना था कि उसकी खेत की मेड़ पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है। 24 वर्ष से अधिकारियों के चक्कर काट रहा है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है। बाद में डीएम ने समझाकर उसे शांत किया। इस दौरान 171 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 5 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।
समाधान दिवस संपन्न होने के बाद डीएम चहल मथुरा जाने के लिए अपनी गाड़ी की तरफ बढ़ रहे थे, तभी तहसील में उपस्थित एक किसान ने अपने ऊपर पेट्रोल डाल कर आत्मदाह करने की कोशिश की। डीएम की सुरक्षा में तैनात सिपाहियों ने तत्काल उसे पकड़ लिया। उससे पेट्रोल की बोतल छीनकर फेंक दी। इसके बाद डीएम ने पीड़ित किसान की समस्या सुनी। उसको समझाया और संबंधित अधिकारी को शिकायत का निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
पीड़ित किसान शांति स्वरूप निवासी चौमुहां ने बताया कि उसके खेत की मेड़ पर गांव के दबंग लोगों ने कब्जा कर लिया है। वह 24 वर्ष से अपनी समस्या को लेकर अधिकारियों के पास जा रहा है लेकिन आज तक उसके खेत को कब्जा मुक्त नहीं कराया गया। अधिकारियों के ऑफिस के चक्कर लगाते-लगाते थक गया तब यह कदम उठाया है। इस मौके पर तहसीलदार विवेकशील यादव, नायब तहसीलदार राखी शर्मा, सीओ वरुण कुमार, बीडीओ विजय अग्रवाल व सभी विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
187 शिकायतें दर्ज, सात का निस्तारण
तहसील मांट में एसडीएम इंद्रनंदन की अध्यक्षता में लगे समाधान दिवस में 75 शिकायतें दर्ज की गईं। चार शिकायतों का निस्तारण किया गया। सबसे अधिक शिकायतें बिजली, चकरोड एवं राशन संबंधित रही। इस मौके पर तहसीलदार मनीष भदौरिया व अन्य अधिकारी मौजूद थे।
वहीं गोवर्धन ब्लॉक के सभागार में एडीएम वित्त/राजस्व की अध्यक्षता में समाधान दिवस लगा। इसमें 31 शिकायतें दर्ज की गईं। एडीएम पांडेय ने एसडीएम संदीप वर्मा एवं तहसीलदार मनोज कुमार वार्ष्णेय को जन शिकायतों के निस्तारण के आदेश दिए। महावन में एसडीएम की अध्यक्षता में लगे समाधान दिवस में 81 शिकायतें दर्ज की गईं। तीन का मौके पर निस्तारण किया गया।