बाह। पूर्व खेलमंत्री महाराज रिपुदमन सिंह स्मृति अखिल भारतीय वॉलीबाल टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच शुक्रवार को स्पाेर्ट्स हॉस्टल आजमगढ़ एवं जाट रेजीमेंट बरेली के बीच खेला गया। रोमांचक उदघाटन मैच में पहला सेट जाट रेजीमेंट बरेली की टीम ने 25-23 के अंतर से जीता, जबकि दूसरे सेट में शानदार वापसी करते हुए स्पोर्ट्स हॉस्टल आजमगढ़ की टीम ने 25-21 के अंतर से जीत दर्ज की। बराबरी पर छूटे उद्घाटन मैच में खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
टूर्नामेंट का उद्घाटन बाह के ब्लॉक प्रमुख लाल सिंह चौहान, पिनाहट के ब्लॉक प्रमुख सत्यवीर सिंह एवं समाजसेवी गजेंद्र सिंह बाबा ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन मैच के बाद दूसरे मुकाबलों में आसमान में छाए बादल खलनायक बन गए। आयोजन समिति के सचिव हृदयनरायन शर्मा ने बताया लीग और क्वार्टर फाइनल मैच शनिवार सुबह से खेले जाएंगे। लखनऊ के स्पोर्ट्स कॉलेज, महाराणा प्रताप अकादमी, स्पोर्ट्स हॉस्टल प्रयागराज, चंडीगढ़, करनाल की टीमों ने आमद करा दी है। उद्घाटन मैच में राष्ट्रीय रेफरी चंद्रभान मिश्रा, धनंजय राय रहे, स्कोरर दीपक कुमार, फूल चंद गुप्ता एवं कमेंटेटर अरुण दुबे, मुकेश शर्मा रहे। इस दौरान रमेश सिंह भदौरिया, गुरुनाम सिंह, सुरेश पचौरी, कृपानरायन शर्मा, हरवीर गुर्जर, विकास चतुर्वेदी, रविन्द्र प्रताप सिंह भदौरिया, अल्केन्द्र जादौन, सर्वदमन सिंह, अनिल तोमर आदि रहे।