नेताजी को श्रद्धांजलि, डिंपल को विजयश्री: मैनपुरी में मुलायम और तेजप्रताप के बाद सपा की तीसरी सबसे बड़ी जीत
मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य को 2.88 लाख वोटों के बड़े अंतर से पराजित किया है। सपा के लिए यह तीसरी बड़ी जीत है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जनता ने नेताजी को अपने वोट से श्रद्धांजलि दी तो वहीं डिंपल यादव को विजयश्री का ताज पहनाया। मुलायम सिंह यादव और तेजप्रताप यादव के बाद सपा की मैनपुरी लोकसभा सीट से ये सबसे बड़ी जीत है।
समाजवादी पार्टी के गठन के बाद से सपा का गढ़ रही मैनपुरी लोकसभा सीट पर कमल खिलाने के लिए भाजपा मैदान में उतरी थी। भाजपा ने जहां सपा को परिवारवाद और गुंडाराज पर घेरा तो वहीं सपा ने नेताजी मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि के नाम पर जनता से वोट देने की अपील की। लगभग एक माह तक चले चुनाव प्रचार के बाद पांच नवंबर को मतदान हुआ। इसमें मैनपुरी की जनता ने सब कुछ भुलाकर नेताजी के नाम पर सपा प्रत्याशी डिंपल यादव को वोट दिया।
मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र में शामिल मैनपुरी सदर विधानसभा क्षेत्र, भोगांव विधानसभा क्षेत्र, किशनी विधानसभा क्षेत्र करहल विधानसभा क्षेत्र और जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र सभी में सपा ने ही जीत दर्ज की। जनता ने जहां नेताजी को एक-एक वोट देकर श्रद्धांजलि दी तो वहीं डिंपल यादव को विजयश्री का आशीर्वाद दिया।
एक ओर जहां डिंपल यादव को जिताकर जनता ने ये साबित कर दिया कि मुलायम के बाद भी मैनपुरी सपा ही गढ़ रहेगी। वहीं दूसरी ओर मुलायम और तेजप्रताप के बाद सपा के लिए ये चौथी सबसे बड़ी जीत भी रही। इससे पहले 2004 में 337870 वोट से और 2014 में 364666 वोट से मुलायम सिंह यादव ने जीत दर्ज की थी। 2014 के उप चुनाव में 321249 वोट से मुलायम के पौत्र तेजप्रताप यादव भी जीते थे। इसके बाद जीत का आंकड़ा 94389 पर पहुंच गया था।
नेताजी को श्रद्धांजलि भी न आई भाजपा के काम
लोकसभा उपचुनाव की शुरुआत से ही भाजपा भी मुलायम को श्रद्धांजलि के बहाने सहानुभूति पाने की कोशिश करती रही। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेताजी को श्रद्धांजलि से अपने भाषण की शुरुआत की तो वहीं भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह ने अपना चुनाव प्रचार नेताजी की समाधि पर पुष्प अर्पित कर शुरू किया। लेकिन ये सब भी भाजपा के काम नहीं आया।
सपा ने कब कितने वोटों से जीता चुनाव
| वर्ष | प्रत्याशी | कुल मिले वोट | जीत का अंतर |
| 1996 | मुलायम सिंह यादव | 273303 | 51958 |
| 1998 | बलराम सिंह यादव | 264734 | 10366 |
| 1999 | बलराम सिंह यादव | 244113 | 28026 |
| 2004 | मुलायम सिंह यादव | 460470 | 337870 |
| 2004 | धर्मेंद्र यादव (उपचुनाव) | 348999 | 179713 |
| 2009 | मुलायम सिंह यादव | 392308 | 173069 |
| 2014 | मुलायम सिंह यादव | 595918 | 364666 |
| 2014 | तेजप्रताप यादव (उपचुनाव) | 653786 | 321249 |
| 2019 | मुलायम सिंह यादव | 524926 | 94389 |
| 2022 | डिंपल यादव | 618120 | 288461 |