Agra News: कारगिल शहीद की पुत्रवधू ने अपने ही घर में कराई 27 लाख की लूट, सामने आई हैरान करने वाली सच्चाई
पुलिस के मुताबिक, कारगिल शहीद की पुत्रवधू सास के पास रखे जेवरात और रुपये लेना चाहती थी। इसलिए उसने लूट की योजना बनाई थी।
विस्तार
आगरा में ताजनगरी फेज एक में कारगिल शहीद श्यामवीर सिंह के घर में लूट की साजिश के आरोप में उनकी पुत्रवधू शकुंतला को जेल भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, वह सास के पास रखे जेवरात और रुपये लेना चाहती थी। इसलिए योजना बनाकर अपने ममेरे भाई को वारदात करने बुलाया था। पूर्व में दो आरोपी पकड़े जा चुके हैं। अब साक्ष्य संकलन के बाद उसको पकड़ा गया।
25 जुलाई की है घटना
कारगिल शहीद श्यामवीर सिंह की कोठी में 25 जुलाई को घटना हुई थी। शहीद की पत्नी गीता देवी बेटे विजय सिंह के साथ गांव गई थीं। घर में पुत्रवधू शकुंतला और नाती मौजूद थे। शकुंतला ने परिजनों को फोन करके घर में दो बदमाशों के घुसने की जानकारी दी थी। बेटे की गर्दन पर चाकू रखकर 40 ताले सोने, ढाई किलोग्राम चांदी के जेवरात और नकदी लूटने की बात कही थी। हाथ-पैर बांधने के बाद वारदात की बात कही थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से घटना का खुलासा। दो आरोपी फरीदाबाद निवासी सत्येंद्र उर्फ सोनू और दिल्ली के बदरपुर निवासी विपिन को जेल भेजा था।
साक्ष्य जुटाने के बाद की गई कार्रवाई
थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र कुमार बालियान ने बताया कि श्यामवीर सिंह की पुत्रवधू शकुंतला देवी को भी जेल भेजा है। उन्होंने वारदात की साजिश की थी। सत्येंद्र उसका ममेरा भाई है। सास पर सारे जेवरात रहते थे। शकुंतला देवी चाहती थी कि जेवरात उन्हें मिल जाए। आरोप है कि सास से जेवरात नहीं मिलने पर उन्होंने ममेरे भाई से बात की। घटना वाले दिन सत्येंद्र को फोन किया। पहले ही दिन ही उसकी संलिप्तता के बारे में पता चल गया। मगर, साक्ष्य जुटाने के बाद कार्रवाई की गई।