मथुरा: छात्र की गोली मारकर हत्या, ग्रामीणों ने तीन बदमाशों को पीटकर किया अधमरा
मथुरा में मंगलवार की रात करीब साढ़े नौ बजे राया थाना क्षेत्र में अपनी भाभी के साथ गांव लौट रहे बाइक सवार छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। फायरिंग की आवाज सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने बाइक सवार तीन बदमाशों को दबोच लिया और लाठी-डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया। वारदात की सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
राया थाना क्षेत्र के गांव केहरी गढ़ी निवासी योगेश (20) पुत्र बिजेंद्र मथुरा से अपनी बुआ के बेटे की पत्नी संगीता के साथ बाइक से गांव लौट रहा था। जब वह रात को करीब साढ़े नौ बजे राया से मांट को जाने वाले मार्ग पर झंडीपुर के पास पहुंचा तो पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोका।
योगेश बदमाशों के इरादे भांप गया और बाइक को दौड़ा लिया। बदमाशों ने थोड़ा आगे जाकर योगेश को लूटपाट के इरादे से पकड़ लिया। बताया जाता है कि जब योगेश ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसके माथे से सटाकर गोली मार दी। योगेश की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने तीन बदमाशों को पकड़ा
फायरिंग की आवाज सुनकर खेतों की रखवाली कर रहे आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो बाइक लेकर भाग रहे तीनों बदमाशों को पकड़ लिया और डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को किसी तरह से ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराकर जिला अस्पताल भेज दिया।
तीनों बदमाशों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक बदमाशों के नाम सोनू निवासी शिवनगर कालोनी यमुनापार, अमर सिंह उर्फ अन्नु हरिया की गढ़ी राया और छोटू निवासी शिवनगर लक्ष्मीनगर है। जिला अस्पताल में एसपी देहात आदित्य शुक्ला समेत कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।