करहल (मैनपुरी)। सराय भटेला में बुधवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया। जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। जानकारी मिलने के बाद एसडीएम और सीओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। जब युवक से वजह के बारे में पूछा गया तो वह अनाप-शनाप बकने लगा। अधिकारियों का समझाना भी व्यर्थ रहा। आखिर में पत्नी के कहने पर करीब दो घंटे बाद नीचे उतरा। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला कानूनगोयान निवासी नौशाद अली क्षेत्र के ही एक हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करता है। इसको लेकर वह अक्सर समाज के कुछ लोगों के निशाने पर भी रहता है। कई बार उसके साथ मारपीट की जा चुकी है। उसके द्वारा शिकायतें भी दी गईं, जिस पर थाना पुलिस कार्रवाई भी कर चुकी है। वह अक्सर अधिकारियों के सामने अपनी बेतुकी मांगों को लेकर पहुंचता है। बुधवार की सुबह वह सराय भटेला स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। जानकारी होने के बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर एसडीएम रतन वर्मा, सीओ अशोक कुमार भी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। उसे नीचे उतरने के लिए कहा गया लेकिन वह किसी की बात नहीं मान रहा था। अधिकारियों ने नौशाद की पत्नी को वहां बुलाया और उसके कुछ देर समझाने के बाद वह नीचे उतरा। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। वहीं पिता इसरार अली की ओर से कार्रवाई किए जाने को लेकर तहरीर दी गई है।