Mainpuri: शादी की पहली सालगिरह पर दंपती ने थाने में काटा केक, पुलिस ने दिया तोहफा
शादी को एक साल भी नहीं हुआ था कि दंपती के बीच विवाद हो गया। बात इतनी बिगड़ गई कि ये झगड़ा पुलिस थाने पहुंच गया। पुलिस ने दोनों के बीच थाने में समझौता कराया।
विस्तार
मैनपुरी के थाना भोगांव में शादी का एक साल भी नहीं बीता और दंपती का विवाद थाना पहुंच गया। रविवार को दोनों के बीच काउंसलिंग कर गिले शिकवे दूर कराए गए। समझौते के बाद शादी की पहली सालगिरह पर दंपती से केक भी कटवाया गया। इतना ही नहीं दंपती को थाना से प्रतीक चिन्ह भी दिया गया। थाना पुलिस इस पहल की लोगों ने जमकर सराहना की है।
ये है मामला
पुलिस डंडा फटकारती है, चीखती है और गालियां भी देती है। पुलिस की कार्यशैली को लेकर अक्सर इस तरह के आरोप लगते रहते हैं, लेकिन बदलते समय के साथ अब पुलिस का भी चेहरा बदला है। रविवार को ऐसा ही कुछ भोगांव थाने में देखने को मिला। गांव रकरा डॉली और पति दीपक कुमार की शादी को एक वर्ष हुआ है, लेकिन दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला थाना तक पहुंच गया। महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला सिपाही प्रीती तोमर ने दंपती को थाना में साथ बैठाया और फिर बारी-बारी से उनकी समस्या को सुना। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक अपराध अरुण कुमार, एसआई लोकेंद्र सिंह आदि भी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - kasganj: सात साल के मासूम की मौत से मचा कोहराम, घरवालों ने लगाया पड़ोसियों पर जहर देने का आरोप
गलतफहमी बनी तकरार की वजह
बातचीत के दौरान पता चला कि दोनों के बीच गलतफहमी तकरार का कारण बनी है। आपसी बातचीत के बाद दंपती को अपनी अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने फिर न झगड़ने की बात कही। थाने में मुख्य आरक्षी दिनेश सक्सैना ने लिखित में समझौता कराया। रविवार को ही दंपती की शादी की पहली सालगिरह थी। थाना में केक मंगवाया गया और दंपती ने केट काटकर पुलिसकर्मियों के साथ खुशियां बांटी। एक दूसरे को केक खिलाते हुए फिर से न झगड़ने का फैसला किया।
तोहफे में दिया प्रतीक चिन्ह
महिला हेल्प डेस्क की ओर से दंपती को नई पहल के स्वरूप एक प्रतीक चिन्ह भी दिया गया। इसके बाद हंसी खुशी दंपती गांव रकरा चले गए। थाना पुलिस की ये नई पहल स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।