Agra News: कक्षा सात की छात्रा ने की आत्महत्या, घर में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला शव
छात्रा के पिता फास्ट फूड की ठेल लगाते हैं। छात्रा सुबह के वक्त उनको खाना देने गई थी, लेकिन दोपहर को उसका शव कमरे में लटका मिला। उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, यह परिजन नहीं बता सके।
विस्तार
आगरा के थाना हरीपर्वत क्षेत्र के आजाद नगर में शुक्रवार दोपहर को 13 वर्षीय छात्रा का शव घर में फंदे पर लटका मिला। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण फांसी लगने से आया है। परिजन से पूछताछ की जाएगी।
छात्रा के पिता कालीचरन श्रीवास्तव फास्ट फूड की ठेल लगाते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी कोमल कक्षा सात में पढ़ती थी। शुक्रवार सुबह वह ठेल लेकर घर से आ गए। सुबह 11 बजे कोमल ठेल से खाना लेकर गई थी। दोपहर में घर पर कोमल के अलावा बेटा सोनू, अनमोल, कान्हा, बेटी राधा थीं।
छात्रा ने दुपट्टे से बनाया फंदा
खाना खाने के बाद सोनू काम से चला गया। बाकी भाई और बहन कमरे में सो गए। दोपहर करीबन दो बजे छोटा बेटा अनमोल जागा। कोमल पंखे के कुंडे से दुपट्टे से बने फंदे पर लटकी थी। अनमोल का शोर सुनकर अन्य जाग गए। पड़ोसी भी आ गए। सूचना पुलिस पहुंच गई। शव का पोस्टमार्टम कराया।
थाना हरीपर्वत के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि किशोरी का शव फंदे पर लटका मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण फांसी लगाने से आया है। जांच की जा रही है। परिजन से बात की जाएगी। इसके बाद ही आत्महत्या का कारण पता चलेगा।