आगरा: शादी के तीन दिन बाद इंजीनियर के घर से 25 लाख की चोरी, नकदी-गहनों के साथ नेग भी ले गए चोर
आगरा में चोरों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। इस बार इंजीनियर के घर को निशाना बनाया गया। तीन दिन पहले ही इंजीनियर की शादी हुई थी। परिवार वैष्णी देवी के दर्शन करने गया था। इस दौरान घर से 25 लाख की चोरी हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के दयालबाग स्थित वीर नगर में चोरों ने निजी कंपनी के इंजीनियर के घर से 15 लाख के गहने और 10 लाख की नकदी चोरी कर ली। इंजीनियर अपनी शादी के तीन दिन बाद ही परिवार सहित वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन करने के लिए गए थे। रविवार सुबह चोरी का पता चलने पर घर वापस आ गए। पुलिस ने फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की मदद से जांच की।
वीर नगर निवासी इंजीनियर दीपक सिंघल के पिता सुनील कुमार सिंघल एक इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी से सेवानिवृत्त हुए हैं। दीपक जमशेदपुर में टाटा कंपनी में इंजीनियर है। उन्होंने बताया कि 20 नवंबर को दीपक की शादी थी। 22 नवंबर को रिसेप्शन था। शादी के बाद 25 नवंबर को परिवार जम्मू गया था। उन्हें वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन करने थे।
ड्राइंग रूम का खुला था गेट
रविवार सुबह पड़ोसी ने फोन करके बताया कि घर के ड्राइंग रूम का गेट खुला हुआ है। चोरी की आशंका जताई। इस पर वो आगरा के लिए चल दिए। शाम को घर आने पर पता चला कि चोरों ने जंगले की सरिया तोड़कर अंदर प्रवेश किया। पूरा घर खंगाल डाला। कमरों में रखी पांच अलमारियों के ताले तोड़ दिए। चोर 15 लाख के जेवरात, 10 लाख रुपये नकद, गुल्लक से भी रुपये चोरी करके ले गए।
रिश्तेदारों के लिफाफे और नेग भी ले गए चोर
सुनील ने बताया कि चोर गहनों और नकदी के अलावा शादी में मिले रिश्तेदारों के लिफाफे और नेग भी ले गए हैं। घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस कॉलोनी में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। सीसीटीवी में तीन चोर नजर आए हैं। इनमें दो घर से निकल रहे हैं और एक घूमकर रेकी करता नजर आ रहा है। एसपी सिटी विकास कुमार का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की तलाश की जा रही है।
शहर में लगातार हो रहीं वारदात
शहर में चोरी और लूट की वारदात लगातार हो रही हैं। कमला नगर, सदर और कोतवाली में टप्पेबाज गैंग ने लोगों को अपना शिकार बनाया था। ऑटो गैंग ने तीन दिन पहले महिला से गहने लूट लिए थे। इसके अलावा शादी समारोह में रुपये और गहनों से भरे बैग चोरी हो चुके हैं। इसके अलावा भी कई वारदात हो चुकी हैं। पुलिस एक भी वारदात का खुलासा नहीं कर सकी है।