टप्पेबाजी: आगरा के सराफ के कारीगर के बैग से 10 लाख का सोना चोरी
कर्मचारी तारीफ बैग में 250 ग्राम सोने के जेवरात लेकर होलमार्क कराने यश होलमार्क की दुकान पर पहुंचा। उनकी दुकान 200 मीटर दूर है। एक घंटे में काम होने के बाद जेवरात उसने एक बॉक्स में रख लिए। उसे बैग में डाल लिया। नीचे की तरफ कपड़े रखे थे। ऊपर की तरफ बॉक्स था।
विस्तार
आगरा के किनारी बाजार में सोमवार को सराफ अब्दुल जोशिन के कारीगर तारीफ के बैग से 10 लाख रुपये के सोने के जेवरात चोरी कर लिए गए। बाजार में भीड़ होने की वजह से कारीगर को काफी देर बाद वारदात का पता चला। पुलिस ने बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमे में सोने का वजन नहीं लिखा गया है।
नमक की मंडी स्थित गणेश पैलेस में काला महल के रहने वाले अब्दुल जोशिन की नूर ज्वेलर्स दिल्ली वाले के नाम से दुकान है। वह 20 साल से सोने के जेवरात बेचने का काम कर रहे हैं। घटना सोमवार दोपहर की है। उनका कर्मचारी तारीफ बैग में 250 ग्राम सोने के जेवरात लेकर होलमार्क कराने यश होलमार्क की दुकान पर पहुंचा। उनकी दुकान 200 मीटर दूर है। एक घंटे में काम होने के बाद जेवरात उसने एक बॉक्स में रख लिए। उसे बैग में डाल लिया। नीचे की तरफ कपड़े रखे थे। ऊपर की तरफ बॉक्स था।
वह बाजार में चल दिए। इस दौरान काफी भीड़ भी थी। तारीफ ने एक दुकान पर पहुंचकर देखा की बैग की चेन खुली हुई थी। यह देखकर उसके होश उड़ गए। बैग में रखा जेवरात से भरा बॉक्स चोरी हो चुका था। इसकी जानकारी पर सराफ इकट्ठा हो गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जोशिन और उनके कर्मचारी से पूछताछ की। बाद में मुकदमा दर्ज कर लिया।
बाजार में पुलिस करती रही पूछताछ
सीओ कोतवाली अर्चना सिंह ने बताया कि सोना बैग से चोरी हुआ है। बाजार में पूछताछ की गई है। सीसीटीवी फुटेज देख गए हैं। सराफ ने सोने का वजन नहीं लिखाया है। हालांकि जेवरात लिखे हैं। सराफ से सोने की खरीद से संबंधित बिल मांगे गए हैं। इसके बाद साफ होगा कि कितना सोना चोरी हुआ है। सराफ का कहना है कि उनके बैग में हार, चेन, अंगूठी, टाप्स, कंगन थे। इनका वजन तकरीबन 250 ग्राम है। कीमत दस लाख रुपये है। हालांकि सराफों में चर्चा है कि 35 लाख रुपये का तकरीबन 750 ग्राम सोना चोरी हुआ है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले
पुलिस ने सोने के जेवरात चोरी करने वाले की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। मगर, कर्मचारी तारीफ के पीछे कोई जाता नजर नहीं आया। मंगलवार को भी 15 से अधिक दुकान और बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए गए। मगर, कहीं भी कर्मचारी के पीछे कोई संदिग्ध नजर नहीं आया है।
पहले भी सराफ-कर्मचारी के साथ हुईं घटनाएं
सराफ बाजार में व्यापारियों के साथ यह कोई पहली वारदात नहीं है। इससे पहले भी बदमाश सराफ को अपना शिकार बना चुके हैं। इस वजह से बाजार में पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं। इनकी स्क्रीन थाना कोतवाली में लगाई गई हैं, जिससे पुलिस सीधे नजर रख सके। इसके बावजूद घटनाएं हो रही हैं। एक महीने पहले ही अलीगढ़ के सराफ को एसएन मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी के पास बदमाशों ने रोक लिया था। पुलिस चेकिंग के नाम पर पांच लाख रुपये का सोना ले गए थे। कई साल पहले सराफा बाजार के व्यापारी से एक करोड़ से अधिक का सोना विजय नगर कॉलोनी में लूटा गया था। इससे पहले भी थैले काटकर सोना चोरी हो चुका है।
मां-बच्चों की हत्या प्रकरण: लूटे सामान की बरामदगी का प्रयास, रिमांड को लेकर आज कोर्ट में सुनवाई