UP: फिर चला बुलडोजर...अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई से मची खलबली; जांच-परख कर ही खरीदें प्लॉट
आगरा के धनौली में 3500 वर्ग मीटर में बनाई जा रही अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चला तो खलबली मच गई। बिना नक्शा पास कराए ही यहां निर्माण कार्य कराया जा रहा था।
विस्तार
आगरा के शाहगंज क्षेत्र के धनौली में खसरा नंबर 617 पर सुनील नागर, धर्मवीर, ओमवीर, बनवारी, मनोज कुमार, भूपेंद्र और गौरव मिलकर खेती की 3500 वर्ग मीटर जमीन पर अवैध कॉलोनी का निर्माण करा रहे थे। इसे बुधवार को आगरा विकास प्राधिकरण ने ध्वस्त कर दिया।
कृषि भूमि होने पर यहां न तो नक्शा पास कराया गया न ही इसे आवासीय कराया गया। इस पर एडीए के प्रवर्तन दल ने उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 की धारा 27 के अंतर्गत निर्माणाधीन कॉलोनी में बिछाई गई सड़क, दीवार को ध्वस्त कर दिया गया।
ये भी पढ़ें - Agra News: पहले लूटी कार और फिर उससे दोस्त को किया अगवा, सामने आई हैरान कर देने वाली वजह
सील तोड़कर निर्माण, फिर सील
तेल माफिया मनोज कुमार गोयल पुत्र घूरेलाल गोयल ने शाहगंज वार्ड के मारुति एस्टेट चौराहे पर प्लाट संख्या 1, खसरा संख्या 519/1,520/1, 521/1, 526/4, 522/3 व 525(मि) व 526(मि) पर नक्शा पास किए बिना ही निर्माण कर लिया। बहुमंजिला व्यावसायिक भवन के निर्माण पर उसे सील कर दिया गया, लेकिन तेल माफिया ने सील तोड़कर फिर से निर्माण कार्य शुरू करा दिया। इस पर एडीए के सहायक अभियंता ने फिर से अवर अभियंता और सचल दस्ते को साथ लेकर सीलिंग की कार्रवाई की। मनोज गोयल इससे पहले भी भगवान टॉकीज पर स्मारक के प्रतिबंधित दायरे में बिना अनुमति के भवनों का निर्माण करा चुका है।
ये भी पढ़ें - Agra News: खेरिया-ईदगाह आरओबी पर खर्च होंगे 12.58 करोड़, 19 जनवरी से होना है शुरू; लोगों की बढ़ेगी मुसीबत
नगर निगम के प्रवर्तन दल ने बालूगंज में ऑटो पाटर्स की दुकानों के सामने तथा सड़क पर खड़े किए गए वाहनों को हटवाया। प्रवर्तन दल ने चेतावनी दी कि अगर फिर से वाहन और खोखे पाए गए तो जुर्माना वसूला जाएगा। लोहामंडी जोन के पृथ्वीनाथ मंदिर से 100 फुटा रोड पर प्रवर्तन दल ने 54 ठेल धकेल, 14 खोखे और 11 टिनशेड हटवाए। अतिक्रमण करने पर 36,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। मौके पर अवर अभियंता पवन कुमार, सेनेटरी इंस्पेक्टर राजीव बालियान मौजूद रहे।
नगर निगम के पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में बुधवार को एयरफोर्स स्टेशन के टाटा गेट पर 31 भैंस पकड़ीं, जिन्हें सड़क के दोनों ओर पेड़ों से ही पशु पालकों ने बांध रखा था। निगम की कैटल कैचर टीम के पहुंचने पर पशुपालकों ने हंगामा काटा और भैंस पकड़ने का विरोध किया, लेकिन निगम की टीम पशुओं को लेकर आ गई।