Mathura: फर्नीचर कारीगर की मौत के बाद भाई को बनाया बंधक, चांदी के कारखाने मालिक पर गंभीर आरोप
युवक चांदी के कारखाने में फर्नीचर का काम करने गया था। काम करने के दौरान करंट लगने से उसकी मौत हो गई। आरोप है कि हादसे के बाद मृतक के भाई को कारखाने के मालिक ने बंधक बनाए रखा।
विस्तार
मथुरा के घीयामंडी में मंगलवार देर शाम फर्नीचर का काम करने गए एक मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि इस बीच उसके छोटे भाई को कारखाना मालिक ने दो घंटे तक बंधक बनाए रखा। जब शव पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गया तब इसकी सूचना परिजनों को दी गई। इससे उनमें आक्रोश है। परिजनों का कहना है कि चांदी सफाई कारखाने के मालिक के दबाव में पुलिस ने उनकी सही रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की।
यहां का है मामला
जानकारी के अनुसारशहर कोतवाली के घीयामंडी में एक चांदी सफाई का कारखाना है। वहां पर फर्नीचर का काम करने थाना गोविंदनगर के वृंदावन गेट पुलिस चौकी की छीपी धर्मशाला में रहने वाला गिरीश (44) अपने छोटे भाई मोनू के साथ गया था। शाम लगभग चार बजे गिरीश को अचानक करंट लग गया। इससे वह अचेत हो गया। इस दौरान कारखाना मालिक ने उसके छोटे भाई मोनू को एक कमरे में बंद कर दिया और अचेत अवस्था में गिरीश को लेकर अस्पताल पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित तक दिया। इसके कई घंटे बाद परिजनों को इसकी जानकारी दी।
परिजनों को नहीं दी समय पर सूचना
पोस्टमार्टम हाउस में भाई सोनू ने बताया कि कारखाना मालिक ने परिजनों को समय से सूचना नहीं दी। उनके एक भाई को बंधक बनाए रखा। इसकी रिपोर्ट दर्ज कराने जब वह भरतपुरगेट पुलिस चौकी पहुंचे तो पुलिस ने कारखाना मालिक का पक्षपात करते हुए रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पीड़ित परिवार ने एसएसपी से भी घटना की शिकायत की है। सीओ सिटी अभिषेक तिवारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।