Agra News: दावा था गंगाजल आएगा, नलों से निकल रहा काला बदबूदार पानी; 200 से ज्यादा परिवार पानी के लिए परेशान
आगरा में नलों से गंगाजल की जगह काला बदबूदार पानी निकल रहा है। इससे 200 से ज्यादा परिवार पीने के पानी के लिए परेशान हैं।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा में अलबतिया रोड पर गंगाजल की पाइपलाइन बिछाने के बाद जांच चल रही है। लोगों को उम्मीद थी नल से गंगाजल की, लेकिन निकला सीवेज, काला बदबूदार पानी। दरअसल, जलनिगम की वर्ल्ड बैंक इकाई ने नल लगाने के दौरान टोंटियां नहीं लगाईं। खुले पड़े नलों में पाइपलाइन की जांच के दौरान काला बदबूदार पानी निकलने लगा। जिस दौरान यह पानी निकल रहा था उस समय बारिश भी हो रही थी। लोग भी नलों को बंद नहीं कर पाए और घरों, आंगन में गंदा पानी भर गया।
पाइप लगाकर गंदा पानी फेंका बाहर
बालाजीपुरम में लोगों ने समझा कि नाला ओवरफ्लो हो गया। लेकिन, जब गेट पर नल से गंदा पानी निकलता देखा तो पाइप लगाकर उसे बाहर फेंकना शुरू किया। सुभाष नगर निवासी राहुल शर्मा ने बताया कि लाइन डालते समय लापरवाही बरती गई है। नालों के बीच में से पाइपलाइन निकाली गई है, जिससे लीकेज की स्थिति में गंदा पानी निकल रहा है।
यह भी पढ़ेंः- मंडप में घुसकर दूल्हे की धुनाई: सच्चाई सुनकर सदमे में दुल्हन, बेरंग लौटी बरात, पिता बोला-बेटी की जिंदगी बच गई
वीर नगर में पानी के लिए प्रदर्शन
दयालबाग के वीर नगर की महिलाओं ने खाली बाल्टी लेकर प्रदर्शन किया। यहां 200 से ज्यादा परिवार पानी के लिए परेशान हैं। एक महीने से लगातार आंदोलन चल रहा है, लेकिन पानी की आपूर्ति के लिए कोई प्रयास नहीं किया गया। प्रदर्शन कर रहे सौरभ चौधरी ने बताया कि बुधवार को ताजमहल पर प्रदर्शन करेंगे।