जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव: फिरोजाबाद में भाजपा ने एमबीए पास हर्षिता सिंह को बनाया प्रत्याशी
फिरोजाबाद में भाजपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। यहां से पूर्व मंत्री जयवीर सिंह की पुत्रवधू हर्षिता सिंह को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी बनाया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फिरोजाबाद जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए हर्षिता सिंह को प्रत्याशी घोषित किया है। शुक्रवार को भाजपा कार्यालय पर जिला संगठन प्रभारी और प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी दमखम के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगी और जीतेगी।
भाजपा जिला के संगठन प्रभारी ने भाजपा के पास 22 सदस्य होने का दावा किया। सदस्यों के नाम पूछने पर उन्होंने कहा कि जब चुनाव होगा, तब देखना सभी लोग सामने होंगे। उन्होंने भाजपा के छह, हरिओम यादव के समर्थन वाले छह, जबकि पांच निर्दलीय सदस्य होने की बात कही, लेकिन किसी का नाम तक नहीं बता सके।
जिला पंचायत सदस्यों के परिवार के साथ पुलिस उत्पीड़न कर रही है, इस सवाल पर दयाशंकर सिंह जवाब देने में बचते रहे। उन्होंने सपा के वरिष्ठ नेता राज्यसभा सांसद डॉ. रामगोपाल यादव का नाम लेते हुए कहा कि उनकी सरकार में फिरोजाबाद में सपा ने सबसे ज्यादा आंतक मचा रखा था।
एमबीए पास हैं हर्षिता सिंह
एमबीए पास हर्षिता सिंह पूर्व मंत्री जयवीर सिंह की पुत्रवधू हैं। उन्होंने वार्ड संख्या- 15 से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीता है। भाजपा की ओर से प्रत्याशी बनाए जाने पर हर्षिता ने कहा कि वह ससुराल में राजनीतिक माहौल में रह रही हैं। पार्टी ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया है, पार्टी की उम्मीद पर खरा उतरूंगी।
सपा से रुचि यादव हैं प्रत्याशी
फिरोजाबाद में भाजपा से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर चुकी है। सपा ने वार्ड नंबर 31 से जिला पंचायत सदस्य रुचि यादव को प्रत्याशी घोषित किया है। रुचि यादव रामब्रेश यादव की पुत्रवधू हैं।
फिरोजाबाद में जिला पंचायत सदस्यों की संख्या 33
फिरोजाबाद में जिला पंचायत सदस्यों की संख्या 33 है। इस बार भाजपा ने तीन वार्डों से जीत दर्ज की, जबकि सपा के पास 12 विजयी सदस्य हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर जीत के लिए 17 सदस्य होने चाहिए। चुनाव से पहले सपा और भाजपा अपनी-अपनी जीत का दावा कर रही हैं।