हिरासत में मौत: आगरा में पीड़ित परिवार से मिले चंद्रशेखर, सरकार से सवाल- मुआवजे में दोहरा मापदंड क्यों ?
आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने शुक्रवार को मृतक अरुण नरवार के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने घटना के संबंध में परिवार से जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने सरकार पर मुआवजे को लेकर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।
विस्तार
पुलिस हिरासत में सफाईकर्मी अरुण नरवार की मौत के मामले पर सियासत थम नहीं रही है। पीड़ित परिवार के घर पक्ष-विपक्ष के नेताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद आगरा पहुंचे। उन्होंने मृतक अरुण के परिवार से मुलाकात की।
चंद्रशेखर आजाद ने शुक्रवार को लोहामंडी में मृतक सफाईकर्मी अरुण नरवार के घर पहुंच कर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि कानपुर कांड के पीड़ितों को 40 लाख रुपये तो एक दलित की मौत पर महज 10 लाख का मुआवजा दिया गया। उन्होंने सरकार से सवाल पूछा कि मुआवजे में दोहरा मापदंड क्यों ?
हिरासत में मौत का मामला: पुलिस ने की थी सफाईकर्मी की पिटाई ? पोस्टमार्टम रिपोर्ट से फंसेगी गर्दन
'दोषी पुलिसकर्मियों को भेजा जाए जेल'
चंद्रशेखर आजाद ने मृतक अरुण की पत्नी और मां से बातचीत के बाद आरोप लगाया कि पुलिस ने महिलाओं को चौकी में ले जाकर अवैध रूप से हिरासत में रखा और उनकी भी पिटाई की थी। इस मामले में दोषी पुलिसकर्मियों को जेल भेजा जाए। 27 अक्तूबर तक दोषियों को जेल नहीं भेजा तो पार्टी वाल्मीकि समाज के साथ चक्का जाम करेगी।
पुलिस हिरासत में हुई थी मौत
बता दें कि थाना जगदीशपुरा के मालखाने से 25 लाख रुपये की चोरी हुई थी। इस मामले में पुलिस ने शक के आधार पर सफाईकर्मी अरुण को हिरासत में लिया। बुधवार रात को उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस पर अरुण की पिटाई करने का आरोप लगाया। इस मामले को लेकर विपक्षी दल लगातार योगी सरकार पर हमलावर हैं।