Agra University: आगरा विवि ने बकाया फीस जमा करने के लिए दिया 17 अगस्त का समय, नहीं तो लगेगा अर्थदंड
आगरा विश्वविद्यालय प्रशासन ने साफ किया है कि प्रति छात्र प्रति सप्ताह अर्थदंड की राशि बढ़ा दी जाएगी। यदि इस सप्ताह फीस जमा नहीं की गई तो अगले सप्ताह में 1000 रुपये अर्थदंड लगेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत संचालित स्नातक प्रथम वर्ष के प्रथम सत्र और मुख्य परीक्षा (सत्र 2021-22) की परीक्षाओं की बकाया परीक्षा फीस जमा न करने वाले कॉलेजों को नोटिस जारी किया है। फीस जमा करने के लिए 17 अगस्त तक का समय दिया गया है, इसके बाद आर्थिक दंड लगाया जाएगा। पहले हफ्ते में प्रति छात्र 500 रुपये और दूसरे हफ्ते में प्रति छात्र 1000 रुपये अर्थदंड लगाया जाएगा।
परीक्षा फीस जमा न किए जाने से संबंधित कॉलेजों के परिणाम रोके गए हैं। वहीं, द्वितीय सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति भी नहीं दी गई है। द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 13 अगस्त से होनी हैं और 14 अगस्त परीक्षा फॉर्म भरने की आखिरी तारीख दी गई है। 17 अगस्त से बड़ी परीक्षाएं हैं। परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश के मुताबिक 17 अगस्त तक जो कॉलेज बकाया फीस जमा नहीं करेंगे, उनको 18 से 24 अगस्त तक 500 रुपये प्रति छात्र और 25 से 31 अगस्त तक 1000 रुपये प्रति छात्र अर्थदंड देना होगा। अर्थदंड से बचने के लिए कॉलेज 17 तक फीस जरूर जमा कर दें।
परीक्षा केंद्र बनाने के बाद उसकी रिपोर्ट मांगी
आगरा विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों की प्राथमिक सूची जारी करने के बाद नोडल केंद्रों के प्रभारियों से उनके अंतर्गत आने वाले परीक्षा केंद्रों की स्थिति की रिपोर्ट 12 अगस्त को शाम 04:00 बजे तक मांगी गई है। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी प्रो. प्रदीप श्रीधर ने बताया कि सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष के प्रभारी प्रो. मनु प्रताप सिंह जिम्मेदारी दी गई है कि वह सभी संभावित परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी लिंक का परीक्षण कर 12 अगस्त को शाम 04:00 बजे तक अपनी आख्या विश्वविद्यालय प्रशासन को दे दें। परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश का कहना है कि परीक्षाओं की तैयारियां पूरी हो गई हैं। प्रभारी कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के निर्देशन में शुचिता पूर्ण परीक्षाएं कराई जाएंगी।