{"_id":"6ad9803801aa861f52057dd1","slug":"agra-mlc-elections-voting-in-12-districts-tomorrow-25-candidates-in-fray-2026-10-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपी: एमएलसी चुनाव का आज थमेगा प्रचार, 12 जिलों में 412 बूथों पर वोटिंग; इन 25 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी: एमएलसी चुनाव का आज थमेगा प्रचार, 12 जिलों में 412 बूथों पर वोटिंग; इन 25 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर
Thu, 22 Oct 2026 08:47 AM IST
Dhirendra Singh
अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा
अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा
Published by: Dhirendra Singh
Updated Thu, 22 Oct 2026 08:47 AM IST
सार
आगरा खंड शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव का प्रचार थम गया है। शुक्रवार को 12 जिलों के 412 बूथों पर 2.31 लाख से अधिक मतदाता वोट डालेंगे। दोनों सीटों पर कुल 25 प्रत्याशी मैदान में हैं। बृहस्पतिवार को पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी, जबकि 27 अक्तूबर को आगरा में मतगणना होगी।
विज्ञापन
मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप
विस्तार
आगरा खंड स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए बुधवार को प्रचार थम गया। शुक्रवार को होने वाले मतदान के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव में तीन मंडलों के 12 जिलों के मतदाता 412 बूथों पर मतदान करेंगे। दो सीटों के लिए 25 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान कराने के लिए बृहस्पतिवार को पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी।
विज्ञापन
शाम पांच बजे चुनाव प्रचार का शोर थमने के बाद अब प्रत्याशियों ने घर-घर संपर्क अभियान में ताकत झोंक दी है। रिटर्निंग अफसर और मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने बताया कि आगरा, अलीगढ़ और कानपुर मंडल के जिलाधिकारियों को चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए हैं। खुद भी कई मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिहाज से सभी तैयारियां हो गई हैं। मतदान के बाद मतपेटियां लाने के प्रोटोकॉल का भी ट्रायल हो चुका है। सभी जिलों से मतपेटियां आगरा लाई जाएंगी। 27 अक्तूबर को आगरा के गल्ला मंडी समिति परिसर में मतगणना होगी। शिक्षक सीट के लिए 12 और स्नातक के 13 प्रत्याशी मैदान में हैं।
विज्ञापन
इन जिलों में मतदाता डालेंगे वोट
चुनाव में आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, अलीगढ़, एटा, मैनपुरी, इटावा, फर्रुखाबाद, कासगंज, हाथरस, औरैया और कन्नौज के मतदाता वोट डालेंगे। दो सीटों के लिए कुल 2,31,097 मतदाता 316 मतदान केंद्रों के 412 बूथों (मतदेय स्थलों) पर वोट डालेंगे। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए पूरे क्षेत्र को जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में बांटा गया है।
किस चुनाव में कितने मतदाता
आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र
मतदाता - 1,80,292
मतदान केंद्र - 173
मतदेय स्थल - 262
आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र
मतदाता - 50,805
मतदान केंद्र - 143
मतदेय स्थल - 150
बहु-जिला निर्वाचन क्षेत्र होने के कारण मंडलायुक्त को मिलती है जिम्मेदारी
आगरा खंड स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव में आगरा के मंडलायुक्त को रिटर्निंग अफसर (आरओ) बनाए जाने के पीछे एक स्पष्ट प्रशासनिक व्यवस्था है। यह चुनाव सिर्फ आगरा जिले तक सीमित न होकर, अलीगढ़ और कानपुर मंडलों के अंतर्गत आने वाले कुल 12 जिलों में होता है। सभी जिलों के बीच बेहतर प्रशासनिक समन्वय और नियंत्रण के लिए क्षेत्रीय मंडलायुक्त को यह कमान सौंपी जाती है।
व्यवस्था के तहत सभी 12 जिलों के जिलाधिकारियों को सहायक रिटर्निंग अफसर (एआरओ) बनाया जाता है। मंडलायुक्त कार्यालय से ही नामांकन, स्क्रूटनी, नाम वापसी और गल्ला मंडी स्थित मुख्य स्ट्रॉन्ग रूम में मतगणना से जुड़ी सभी अधिकृत प्रक्रियाएं संचालित होती हैं। इतने बड़े भौगोलिक दायरे और बहु-जिला निर्वाचन क्षेत्र में पूरी चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठतम आईएएस अधिकारी यानी मंडलायुक्त को यह जिम्मेदारी दी जाती है। जिस मंडल की सीट मानी जाती है, अमूमन वहीं के मंडलायुक्त को कमान सौंपी जाती है।
मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने बताया कि संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए निर्देशित कर दिया गया है। सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। चुनाव में गड़बड़ी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को भी कड़े सुरक्षा प्रबंध के निर्देश दिए गए हैं।
वोटर लिस्ट
किस जिले में कितने मतदाता
जिला शिक्षक मतदाता स्नातक मतदाता कुल मतदाता
आगरा 15788 23594 39382
फिरोजाबाद 3075 13430 16505
मथुरा 6694 10642 17336
अलीगढ़ 7047 36864 43911
एटा 1970 19289 21259
मैनपुरी 2322 11496 13818
इटावा 3929 19526 23455
फर्रुखाबाद 1880 6043 7923
कासगंज 1291 9621 10912
हाथरस 2566 12652 15218
औरैया 2423 10157 12580
कन्नौज 1820 6978 8798
कुल 50805 180292 231097