यातायात नियम तोड़ रहा था कोई और, स्कूटी के कटे चालान, सच जानकर पुलिस भी रह गई हैरान
- एक्टिवा पर फर्जी नंबर डालकर चला रहा था, असली वाहन मालिक ने पकड़वाया
- एमजी रोड पर यातायात नियम तोड़ने पर कट गए थे पांच चालान, एसएसपी से शिकायत पर पुलिस ने की जांच
विस्तार
आगरा में एक ही नंबर पर एक्टिवा स्कूटर और सुजुकी स्कूटी चलाई जा रही थी। सुजुकी के पांच चालान कटने पर मालिक कृष्णकुमार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से शिकायत की। एमजी मार्ग पर चालान कटे होने पर स्मार्ट सिटी के कंट्रोल रूम से स्कूटर की पहचान कर सोमवार सुबह हरीपर्वत पर रोक लिया गया। आरोपी एक्टिवा स्कूटर सवार लाखन सिंह ने बताया कि उसे नंबर गलत होने की जानकारी नहीं थी। पुलिस ने कृष्ण कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है।
ताजगंज के दलिहाई निवासी कृष्णकुमार वर्मा का सिल्वर रंग का सुजुकी स्विज स्कूटर है। फरवरी में उनकी गाड़ी के नंबर का बिना हेलमेट का चालान कटा। इसमें स्थान हरीपर्वत दिखाया गया। यह चालान अप्रैल में घर आया। चालान पर फोटो काले रंग के एक्टिवा स्कूटर का था।
इस पर कृष्णकुमार को शक हुआ। जुलाई से लेकर अब तक पांच चालान कटे। तकरीबन तीन हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। दो दिन पहले पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की थी। उनका कहना था कि हरीपर्वत की तरफ गया नहीं, जबकि चालान वहीं पर काटे जा रहे थे।
स्मार्ट सिटी के कैमरों से पता किया
थाना हरीपर्वत के प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल ने बताया कि स्मार्ट सिटी के कैमरों से स्कूटर पर नजर रखी। चालान लगभग एक ही समय सुबह 10 से 11 बजे के बीच कट रहे थे। स्कूटर कलक्ट्रेट से हरीपर्वत चौराहे की तरफ जाता था। सोमवार को हरीपर्वत चौराहे पर चेकिंग के दौरान स्कूटर पकड़ लिया।
स्कूटर चला रहे लाखन सिंह पर 13 हजार रुपये जुर्माना कर दिया। हरीपर्वत थाने में कृष्ण कुमार की तहरीर पर धोखाधड़ी की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी स्कूटर सवार को छोड़ दिया गया है। उसका कहना था कि उसे नहीं पता था कि नंबर गलत है।
एक साल पहले पेंटर ने नंबर गलत कर दिया था। इसलिए ध्यान नहीं दिया। पुलिस जांच के बाद कार्रवाई करेगी। एक्टिवा को सीज कर दिया गया है। पुलिस को आशंका है कि ऐसा चालान से बचने के लिए किया गया होगा।
ऑफिस में एक्टिवा, कटा चालान
चालान में पीछे बैठी सवारी का हेलमेट नहीं पहनना दर्शाया गया। इस पर यातायात पुलिस से शिकायत की। मगर, दूसरी एक्टिवा का रंग फोटो से पहचाना नहीं जा सका। आशंका है कि उनके नंबर से दूसरी एक्टिवा चल रही हो।
पांच मामले में चालान निरस्त, आरोपी नहीं पकड़े
यातायात पुलिस के मुताबिक, पूर्व में पांच मामले एक ही नंबर से दो एक्टिवा चलने के आ चुके हैं। इनमें शिकायत मिलने पर जांच की गई, लेकिन आरोपी नहीं पकड़े जा सके। इस पर चालान को निरस्त कर दिया गया।