यूपी चुनाव 2022: फिरोजाबाद के तीन विधानसभा क्षेत्रों के 14 बूथों में बदलाव, जानें कहां बने नए मतदान स्थल
फिरोजाबाद जिले में 20 फरवरी को होने वाले मतदान के दिन मतदाता को अब नए स्थान पर पहुंचना होगा।
विस्तार
फिरोजाबाद जिले की तीन विधानसभा क्षेत्र के 14 बूथों में निर्वाचन आयोग ने बदलाव कर दिया है। जिले में 20 फरवरी को होने वाले मतदान के दिन मतदाता को अब नए स्थान पर पहुंचना होगा। निर्वाचन आयोग ने यह व्यवस्था जिला प्रशासन की ओर से भेजे गए प्रस्ताव के आधार पर दी है। इसमें सबसे अधिक बूथ टूंडला विधानसभा के 11 शामिल हैं।
एडीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से की गई व्यवस्था के अनुसार बाढ़, वर्षा एवं क्षतिग्रस्त हो चुके मतदेय स्थलों में बदलाव किए जाने का प्रस्ताव मांगा गया था। जिले की तीन विधानसभा (टूंडला, जसराना, फिरोजाबाद) के बूथों में बदलाव किए जाने का प्रस्ताव भेजा था। आयोग की मंजूरी मिलने के साथ जिले की 14 बूथों में बदलाव हो गया है।
ये बूथ बदले गए
उन्होंने बताया कि टूंडला विधानसभा के बूथ संख्या 172 वीर कन्या जूनियर हाईस्कूल टूंडला कक्ष संख्या तीन को पंचायत भवन टूंडला खाम, बूथ संख्या 173 को प्राथमिक विद्यालय नगला रतिया (आंगनबाड़ी केंद्र) में बनाया है। बूथ संख्या 174 प्राथमिक विद्यालय टूंडला के कक्ष संख्या एक बूथ को कार्यालय कक्ष बीआरसी भवन, बूथ 175 को प्रशिक्षण कक्ष बीआरसी टूंडला कमरा नंबर एक में बनाया गया है।
इसी तरह बूथ 176 को प्रशिक्षण कक्ष बीआरसी टूंडला कमरा नंबर दो, बूथ 177 को कंपोजिट विद्यालय टूंडला कार्यालय कक्ष तथा बूथ संख्या 178 को प्राथमिक विद्यालय कमरा नंबर चार राजकीय पुस्तकालय के स्थान पर कंपोजिट विद्यालय टूंडला राजकीय पुस्तकालय कक्ष में ट्रांसफर कर दिया है।
यहां भी बदले गए बूथ
बूथ 252 को प्राथमिक स्कूल ठार बल्दी से हटाकर उच्च प्राथमिक स्कूल ठार बल्दी, बूथ 277 उच्च प्राथमिक विद्यालय बनकट के स्थान पर प्राथमिक स्कूल बनकट, बूथ 309 एवं 310 को प्राथमिक विद्यालय घुरकुआ कमरा नंबर एक एवं दो को अब उच्च प्राथमिक स्कूल घुरकुआ कक्ष संख्या एक एवं दो पर बदल दिया है।
जसराना विधानसभा के बूथ संख्या 345 के मतदाता पंचायत घर नगला रामा के मतगदाता अब प्राथमिक विद्यालय नगला रामा में मतदान करेंगे। फिरोजाबाद विधानसभा के बूथ संख्या 95 एवं 96 मुस्लिम पब्लिक स्कूल जाटवपुरी कमरा नंबर एक एवं दो के मतदाता अब सेंट जैवियर प्राथमिक विद्यालय नैनी चौराहा फिरोजाबाद के कक्ष संख्या एक एवं दो में मतदान करेंगे।