{"_id":"124-50806","slug":"Lucknow-50806-124","type":"story","status":"publish","title_hn":"आरक्षण केंद्रों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
आरक्षण केंद्रों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
Lucknow
Updated Fri, 18 Jan 2013 05:30 AM IST
विज्ञापन
लखनऊ। आरक्षण केंद्रों पर टिकटों की बिक्री में पारदर्शिता बरतने के लिए अब रेलवे वहां सीसीटीवी कैमरे लगवाएगा। मार्च 2013 तक प्रमुख स्टेशनों के आरक्षण केंद्रों पर इसे लगवाने की कवायद है। इससे तत्काल के टिकटों में होने वाली धांधली पर काफी हद तक लगाम लग सकेगी। इन सीसीटीवी कैमरों को अफसरों के कमरों में लगे टेलीविजन सेट से जोड़ा जाएगा। इससे वे आरक्षण केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रख सकेंगे। चारबाग आरक्षण केंद्र के बाद रेलवे अब लखनऊ के प्रमुख डाकघरों और लखनऊ मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर सीसीटीवी लगाने की तैयारी में है। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अश्विनी कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यात्रियों से अभद्रता और तत्काल टिकटों की खरीद में होने वाली हेराफेरी की शिकायतों के बाद सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने का फैसला लिया गया है। इससे पल-पल की गतिविधियां कैमरे में कैद हो सकेंगी। किसी यात्री की शिकायत पर सीसीटीवी के फुटेज अहम रोल निभाएंगे। करीब एक सप्ताह की रिकॉर्डिंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी। श्रीवास्तव के मुताबिक लखनऊ के अलावा बनारस, सुल्तानपुर, रायबरेली, प्रयाग और फैजाबाद के आरक्षण केंद्रों में क्लोज सर्किट टीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
विज्ञापन