{"_id":"124-46588","slug":"Lucknow-46588-124","type":"story","status":"publish","title_hn":"सिनेमाहालों पर भी मेहरबान होंगी लक्ष्मी ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सिनेमाहालों पर भी मेहरबान होंगी लक्ष्मी
Lucknow
Updated Mon, 12 Nov 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ। दीपावली में सिनेमाहालों पर भी लक्ष्मी मेहरबान रहेंगी। शुक्रवार का इंतजार करने की जगह दो महत्वपूर्ण फिल्मों को प्रदर्शित करने के लिए दीपावली का अवसर चुना गया है और इसे लेकर लोगों में काफी उत्सुकता है। अग्रिम बुकिंग को देखते हुए माना जा रहा है कि दीपावली के पर्व के बावजूद दिन के ज्यादातर शो हॉउसफुल रहेंगे। लोगों के रुझान को देखते हुए कई सिनेमाहालों ने टिकट की दरों में भी इजाफा कर दिया है। दीपावली पर 13 नवंबर को दो फिल्में ‘जब तक है जान’ और ‘सन ऑफ सरदार’ प्रदर्शित हो रही है। ‘जब तक है जान’ जहां हाल में दिवंगत हुए यश चोपड़ा द्वारा निर्देशित अंतिम फिल्म है वहीं शाहरुख खान, कैटरीना कैफ और अनुष्का शर्मा उसके मुख्य कलाकार हैं। दूसरी ओर ‘सन ऑफ सरदार’ अजय देवगन निर्मित फिल्म है जिसमें अजय के अतिरिक्त सोनाक्षी सिन्हा और जूही चावला हैं। ये फिल्में एकल परदे वाले छविगृहों के साथ ही नगर के सभी मल्टीप्लेक्सों में लग रही हैं। दोनों ही बड़ी फिल्में हैं और दोनों को लेकर पिछले काफी दिनों से सिने प्रेमी काफी उत्सुक हैं। फिल्म के लिए अग्रिम बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। उम्मीद है कि कई शो हाउसफुल रहेंगे। इस बीच यह भी पता चला है कि लोगों में इन फिल्मों के लेकर उत्साह को भुनाने के लिए छविगृह टिकटों में इजाफा भी कर रहे हैं। जहां सभी मल्टीप्लेक्सों में वीकेंड की दरों को 13 नवंबर से ही लागू किया जा रहा है वहीं कुछ मल्टीप्लेक्सों ने इन दरों में इजाफा भी कर दिया है। गोमतीनगर के एक मल्टीप्लेक्स में वीकेंड की दरों को 190-200 रुपये से बढ़ाकर 200-220 रुपये कर दिया है और ये बढ़ीं दरें 13 नवंबर से ही लागू की जा रही हैं। एकल परदे वाले छविगृहों ने भी इस बार टिकट की दरें बढ़ा दी हैं। 70 रुपये का टिकट बढ़ाकर 80 रुपये और सौ रुपये का टिकट बढ़ाकर 120 रुपये किया जा रहा है। टिकटों की दरें बढ़ाने का छविगृहों का अपना तर्क भी है। छविगृह के प्रबंधक बताते हैं कि ‘जब तक है जान’ लंबी फिल्म है। इस कारण इसके शो की संख्या कम हो रही है। ऐसे में इसकी भरपाई के लिए टिकट दरों में वृद्धि की जा रही है। हालांकि कुछ छविगृह प्रबंधक ये भी कह रहे हैं कि बढ़ी दरें केवल इन नई फिल्मों तक लागू हैं। बाद में इन्हें वापस ले लिया जाएगा लेकिन जानकारों का कहना है कि कम ही ऐसा होता है कि बढ़ी दरों को वापस लिया गया हो।
विज्ञापन