Facebook Privacy Lawsuit: मेटा सीईओ जुकरबर्ग समेत कई लोगों की गवाही होगी, आठ बिलियन डॉलर भुगतान करने का मामला
मेटा के खिलाफ एक मुकदमा लंबे समय से चल रहा है। अमेरिकी राज्य डेलावेयर की एक अदालत में इस मुकदमे में अब कंपनी के प्रमुख मार्क जुकरबर्ग की गवाही होनी है। आठ दिनों तक चलने वाले इस मुकदमे में जुकरबर्ग के अलावा कंपनी के पूर्व मुख्य परिचालन अधिकारी शेरिल सैंडबर्ग की गवाही होगी। जानिए क्या है पूरा मामला

विस्तार
मेटा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मार्क जुकरबर्ग और कंपनी के नेताओं के खिलाफ आठ बिलियन डॉलर का मुकदमा कई वर्ष पहले से चल रहा है। अब मुकदमे में पार्टी बने शेयरधारक चाहते हैं कि जुकरबर्ग और अन्य लोग गवाही दें। आठ दिनों तक चलने वाले इस मुकदमे में ज़करबर्ग और पूर्व मुख्य परिचालन अधिकारी शेरिल सैंडबर्ग की गवाही होगी। बोर्ड सदस्य मार्क आंद्रेसेन और पूर्व बोर्ड सदस्य पीटर थील के भी गवाही देने की उम्मीद है। यह सुनवाई अमेरिकी राज्य डेलावेयर के चांसरी कोर्ट में होगी। इससे पहले पहले मुकदमे के गवाह, गोपनीयता विशेषज्ञ नील रिचर्ड्स ने सोमवार सुबह शेयरधारकों की ओर से गवाही दी।
ये भी पढ़ें: Automobiles: टेस्ला के आने से भारतीय ईवी कंपनियों पर नहीं पड़ेगा असर, कंपनी भारत में नहीं बनाएगी कार
निवेशकों ने अपने मुकदमे में कई गंभीर आरोप लगाए हैं
पूरा मामला साल 2018 में उजागर हुए कैम्ब्रिज एनालिटिका राजनीतिक परामर्श फर्म से जुड़े गोपनीयता घोटाले के दावों से जुड़ा है। निवेशकों ने अपने मुकदमे में कई गंभीर आरोप लगाए हैं। मसलन फेसबुक यूजर्स की व्यक्तिगत जानकारी का कैम्ब्रिज एनालिटिका दुरुपयोग कर सकती है, मेटा ने इस जोखिम का पूरी तरह से खुलासा नहीं किया। कैम्ब्रिज एनालिटिका ऐसी फर्म है जिसने 2016 में डोनाल्ड ट्रंप के चुनावी अभियान का समर्थन किया था।
मेटा पर आरोप- कंपनी ने सहमति आदेश का बार-बार उल्लंघन किया
शेयरधारकों का कहना है कि फेसबुक के अधिकारियों ने संघीय व्यापार आयोग के साथ 2012 में हस्ताक्षरित सहमति आदेश का बार-बार उल्लंघन किया है। मुकदमे के दौरान फ़ेसबुक को FTC के आरोपों का निपटारा करने के लिए 5.1 अरब डॉलर का जुर्माना भरने पर सहमत होना पड़ा। कंपनी को यूरोप में भी भारी जुर्माने का सामना करना पड़ा और 72.5 करोड़ डॉलर का गोपनीयता समझौता किया गया।
ये भी पढ़ें: SEBI: म्यूचुअल फंड में सोने-चांदी की वैल्यू घरेलू कीमतों के आधार पर तय हो, बाजार नियामक सेबी का प्रस्ताव
करोड़ों के भुगतान का मामला है
अब शेयरधारक चाहते हैं कि जुकरबर्ग और अन्य लोग मेटा को एफटीसी जुर्माना और अन्य कानूनी लागतों की प्रतिपूर्ति करें। एक अनुमान के मुताबिक कुल 8 बिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक का भुगतान किया जाना है।