Snapchat की मुश्किलें बढ़ा सकता है Instagram का यह नया फीचर

फोटो शेयरिंग प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम अपने प्रतिद्वंद्वी स्नैपचैट को पछाड़ने के लिए हर मुमकिन प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में इंस्टाग्राम ने यूजर को बेहतर अनुभव देने के लिए Giphy के साथ समझौता किया है। अंग्रेजी वेबसाइट द वर्ज की एक रिपोर्ट के मुताबिक फेसबुक और व्हॉट्सएप की तरह अब इंस्टाग्राम पर भी खुद की एनिमेटेड जीआईएफ लाइब्रेरी होगी।
इस नए फीचर के जरिए यूजर अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में एनिमेटेड जीआईएफ का इस्तेमाल कर उसे ज्यादा आकर्षक बना सकेंगे। इंस्टाग्राम स्टोरी में जीआईएफ को शामिल करने का विकल्प ऊपर बाईं तरफ दिया जाएगा। यहां मौजूद सर्च आइकन पर क्लिक कर यूजर आसानी से स्टोरी के लिए उपयुक्त जीआईएफ का चुनाव कर सकते हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले नंवबर 2017 में भी इंस्टाग्राम पर जीआईएफ लाइब्रेरी होने की बात कही गई थी, लेकिन उस वक्त यह फीचर केवल इंडोनेशिया, फिलीपींस और ब्राजील में ही रोलआउट किया गया था। हालांकि इस बार भी इस फीचर को सीमित यूजर के लिए जारी किया गया है, लेकिन बहुत जल्द इसका इस्तेमाल सामान्य यूजर भी कर सकेंगे।
इससे पहले फेसबुक ने अपने मैसेंजर एप और व्हॉट्सएप पर जीआईएफ लाइब्रेरी की सुविधा दी थी। अब इंस्टाग्राम पर जीआईएफ लाइब्रेरी की शुरुआत कर फेसबुक स्नैपचैट से काफी आगे निकलना चाहता है। बता दें कि इंस्टाग्राम स्टोरी को ज्यादा आकर्षित बनाने के लिए कंपनी नए टाइपिंग फीचर के साथ फॉन्ट पर भी काम कर रही है।