Twitter: एलन मस्क के एक दिन में बढ़े 8 लाख फॉलोअर्स, छह महीने में करीब ढाई करोड़ फॉलोअर्स की बढ़ोतरी
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा, जो ट्विटर पर 13.34 करोड़ फॉलोअर्स के साथ टॉप पर हैं, ट्विटर डील के बाद उनके फॉलोअर्स में 38 हजार की कमी आई है।

विस्तार
एलन मस्क के माइक्रो ब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर खरीदने के दावे के बाद से ही मस्क के ट्विटर फॉलोअर्स में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ट्विटर के मालिक बनने के बाद मस्क दुनियाभर में हॉट टॉपिक बने हुए हैं। ट्विटर खरीदने के पहले ही दिन मस्क के ट्विटर पर 8 लाख फॉलोअर्स बढ़ गए हैं। वहीं ट्विटर डील के चलते पिछले छह महीने में मस्क को करीब 24.6 मिलियम यानी 2.46 करोड़ लोगों ने फॉलो किया है।
दरअसल, पिछले हफ्ते 27 अक्तूबर को दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क ने 44 बिलियन अमेरिकी डॉलर में ट्विटर को खरीदा है। कंपनी को अपने कब्जे में करते ही मस्क ने ट्विटर में बड़े बदलाव करने शुरू कर दिए थे। इनमें उनका ब्लू टिक के लिए 8 डॉलर का सब्सक्रिप्शन चार्ज वसूलना भी शामिल है। मस्क इसके बाद से ही लगातार ट्विटर पर एक्टिव भी हैं और उनके अकाउंट से कई सारे ट्विट किए गए हैं। ट्विटर के सीईओ बनने के बाद से उनके फॉलोअर्स में भी जबरदस्त बढ़ोत्तरी हुई है। उन्होंने कई फेमस सिलेब्रिटीज के साथ दुनियाभर में लोकप्रिस सिंगर जस्टिन बीबर (11.3 करोड़ फॉलोअर्स) को भी पीछे छोड़ दिया है।
ये भी पढ़ें: एलन मस्क से मजाक पड़ा महंगा, हिंदी में ट्वीट करने वाले इयान वूलफोर्ड का अकाउंट सस्पेंड
11.41 करोड़ फॉलोअर्स के साथ मस्क अब ओबामा के बाद ट्विटर पर सबसे ज्यादा फॉलोअर्स वाले शख्स बन गए हैं। इससे पहले जस्टिन बीबर दूसरे नंबर पर थे। बता दें कि मस्क के ट्विटर खरीदने के बाद 28 अक्तूबर को 8 लाख फॉलोअर्स की वृद्धी हुई, जबकि 29 अक्टूबर उनके 6 लाख फॉलोअर्स और बढ़ गए। वहीं 30 और 31 अक्टूबर को भी मस्क के फॉलोअर्स में 4-4 लाख की बढ़ोतरी हुई है।
वहीं, कई ट्विटर यूजर्स के फॉलोअर्स में कमी भी देखी गई है। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा, जो ट्विटर पर 13.34 करोड़ फॉलोअर्स के साथ टॉप पर हैं, ट्विटर डील के बाद उनके फॉलोअर्स में 38 हजार की कमी आई है। सबसे ज्यादा फॉलोअर्स के मामले में जस्टिन बीबर अब मस्क के बाद तीसरे नंबर पर आ गए हैं। वहीं कैटी पेरी चौथे और रिहाना पांचवें नंबर पर हैं।