TikTok Ban का Mitron को मिला फायदा, मिली दो करोड़ की फंडिंग

चाइनीज टिकटॉक बैन होने का सबसे बड़ा फयादा देसी एप मित्रों (Mitron app) को मिला है। महज तीन महीने के अंदर मित्रों एप को 1.7 करोड़ लोगों ने डाउनलोड कर लिया है, वहीं इस एप को 3one4 कैपिटल और Letsventure सिंडिकेट की ओर से दो करोड़ रुपये की फंडिंग मिली है। यह फंडिंग मित्रों एप के एक करोड़ डाउनलोड होने के पांच दिन बाद मिली है।
मित्रोंटीवी ने मित्रों एप की सफलता पर कहा है कि सरकार द्वारा टिकटॉक पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद एप के डेली ट्रैफिक में 11 गुना का इजाफा देखने को मिला है। बता दें कि मित्रों एप की पैरेंट कंपनी मित्रोंटीवी है। मित्रों एप को प्ले-स्टोर पर इसी साल अप्रैल में पब्लिश किया गया था।
मित्रों में कई सारे बग्स हैं जिन्हें कंपनी धीरे-धीरे ठीक कर रही है। कंटेंट पॉलिसी को लेकर कुछ दिन पहले एप को गूगल प्ले-स्टोर से हटाया भी गया था, हालांकि तीन दिन बाद मित्रों एप फिर से प्ले-स्टोर पर वापस आ गया। वहीं एप के पाकिस्तानी होने का भी दावा किया गया। एक रिपोर्ट में कहा गया था कि मित्रों एप को एक पाकिस्तानी डेवलपर्स से खरीदा गया है।
मित्रों एप को लेकर कंपनी का दावा है कि चाइनीज एप्स पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद से मित्रों एप के ट्रैफिक और वीडियो व्यूज में काफी उछाल आया है। दावा है कि पिछले कुछ दिनों से हर घंटे 24 मिलियन व्यूज मिल रहे हैं।