स्मार्ट चूड़ी: मुसीबत में भेजेगी लाइव लोकेशन, छेड़ा तो लगेगा बिजली का झटका

महिलाओं की सुरक्षा को लेकर हमेशा से सवाल उठते रहे हैं और इन्हीं सवालों के कारण तरह के आविष्कार भी होते रहे हैं। अभी तक महिलाओं के लिए बाजार में ऐसे लॉकेट ही थे जिसमें लाइव लोकेशन शेयरिंग जैसे इमरजेंसी फीचर थे लेकिन अब ऐसी चूड़ियां भी बाजार में आ गईं हैं जो महिलाओं की सुरक्षा के लिए वरदान हैं।
हैदराबाद के हरीश नाम के युवक ने अपने दोस्त साईं तेजा के साथ मिलकर ऐसी ही चूड़ियां तैयार की हैं जिनमें लाइव लोकेशन शेयरिंग फीचर है। इसके अलावा इसमें बिजली के झटके भी हैं। साथ ही यदि कोई महिला या लड़की मुसीबत में है तो ये चूड़ियां पुलिस और रिश्तेदारों को मैसेज भी भेजती हैं।
इन स्मार्ट चूड़ियों को सेल्फ सिक्योरिटी बैंगल (Self-Security Bangle for Women) को एक खास कोण पर हाथ को हिलाने पर इसके फीचर्स एक्टिव हो जाएंगे। इसके बाद जैसे ही कोई महिला का हाथ पकड़ेगा तो उसे बिजली के झटके लगेंगे और साथ ही चूड़ी परिजनों को लाइव लोकेशन के साथ अलर्ट भेजेगी।
इन चूड़ियों को तैयार करने वाले हरीश ने बताया कि स्मार्ट चूड़ी का प्रोटोटाइप तैयार हो गया है और अब इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए सरकार की मदद की दरकार है। हरीश की उम्र महज 23 साल है।