चट्टानों में फंसी महिला को रावी में मानव शृंखला बनाकर निकाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंबा-भरमौर मार्ग पर गैहरा के पास रावी नदी से सटी पहाड़ी पर चट्टान में एक महिला फंस गई। मानसिक रूप से कमजोर बताई जा रही महिला को नदी के दूसरे छोर से देखने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
पुलिस की एसआईयू टीम ने मानव शृंखला बनाकर महिला को सुरक्षित निकालकर उसे परिजनों के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार रविवार को रावी के एक छोर से कुछ लोगों ने नदी से सटे दूसरे छोर पर पहाड़ी के बीच महिला को देखा।
महिला की जान खतरे में होने का अंदेशा होने पर पुलिस को सूचना दी गई। वहीं भरमौर से लौट रही पुलिस की एसआईयू टीम ने मौके पर पहुंचकर महिला को सुरक्षित निकालने की कोशिशें शुरू कर दीं। इसमें स्थानीय युवा भी शामिल हो गए।
महिला पहाड़ी पर चट्टानों के बीच फंस गई थी
यह महिला पहाड़ी पर चट्टानों के बीच फंस गई थी। बताया जा रहा है कि वह पहाड़ी से सटे गांव से पहाड़ी की ढलान पर उतरकर फंस गई थी। पुलिस टीम के दो सदस्य पहले नदी के पार गए और महिला को नीचे लेकर आए। फिर रावी के तेज बहाव में बहते पानी में मानव शृंखला बनाई गई।
एक घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित निकाल लिया गया। एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने कहा कि रावी नदी से एक छोर पर महिला फंस गई थी जिसे निकाल लिया है। रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय युवाओं ने भी सहयोग किया।