पुलिस का फरमान, दोपहिया वाहनों को नहीं मिलेगा पेट्रोल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पांवटा (सिरमौर, हिमाचल)के पेट्रोल पंपों पर अब बिना नंबर दोपहिया वाहनों को तेल नहीं मिलेगा। पांवटा पुलिस ने आपराधिक घटनाओं को रोकने व कई मामलों में शातिरों के दोपहिया वाहनों के प्रयोग करने के चलते ऐसा कदम उठाया है। अब पंपों पर ऐसे वाहनों को तेल नहीं मिलेगा। कई बुद्धिजीवियों ने पांवटा पुलिस के इस कदम का स्वागत किया है।
पांवटा पुलिस ने अपराध को रोकने के लिए इन आदेशों के पोस्टर पांवटा के सभी पेट्रोल पंप पर चस्पा दिए हैं ताकि आम लोग भी इसके प्रति जागरूक हो सकें। गौरतलब है कि पांवटा क्षेत्र आपराधिक घटनाओं के चलते संवेदनशील बना हुआ है। कई ऐसे मामले हैं जिनमें आरोपी तथा शातिर बिना नंबरों के दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
साथ ही ऐन वक्त पर पुलिस को चकमा देकर रफूचक्कर हो रहे हैं। पावंटा पुलिस की मानें तो बिना नंबरों के दोपहिया वाहन कई बार हिट एंड रन के मामलों में भी बरामद किए गए हैं। ऐसे वाहन शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जद में भी नहीं आ पाते। जिससे पुलिस की मुश्किलें बढ़ जाती हैं।
बोतल में पेट्रोल-डीजल भरने पर है प्रतिबंध
पांवटा क्षेत्र में पेट्रोल पंपों से बोतल में डीजल या पेट्रोल भरने पर पहले से ही प्रतिबंध लगा है। पुलिस अब बिना नंबर के दोपहिया वाहनों की तलाश कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। हालांकि पुलिस ने ऐसे मामलों में स्थानीय लाइसेंसधारियों को राहत देते हुए उनके दोपहिया वाहनों की आरसी व लाइसेंस देखकर तेल डलवाने में 7 दिनों की छूट दी है। जबकि बाहरी राज्यों के वाहनों को ऐसी छूट नहीं मिलेगी।
जिला मुख्यालय नाहन व कालाअंब में करीब सौ से भी अधिक दोपहिया वाहन ऐसे हैं
जिनके कई महीनों से नंबर ही नहीं हैं, तो कुछ ऐसे हैं जिन पर वर्षों से
टेंपरेरी नंबर है। लोगों का कहना है कि यहां की पुलिस भी ऐसे वाहन मालिकों
पर कार्रवाई करे क्योंकि वे ट्रैफिक नियमों की अवहेलना के साथ-साथ सरकार को
राजस्व का चूना भी लगा रहे हैं और नियमों का पालन करने वालों को चिढ़ा रहे
हैं।
बिना नंबर के दोपहिया वाहनों को अब पेट्रोल पंप से तेल भरने नहीं दिया जाएगा। साथ ही सच्चाई का पता लगाने के लिए विभिन्न पेट्रोल पंप की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जाएगी। अपराध रोकने को यह कदम उठाया गया है।
लायकराम सिसोदिया, एसएचओ, पांवटा साहिब