{"_id":"677993341e077fcc6b0edb50","slug":"weather-record-heat-in-shimla-and-solan-weather-will-change-today-2025-01-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"Weather : शिमला और सोलन में रिकॉर्ड गर्माहट, आज बदलेगा मौसम; भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Weather : शिमला और सोलन में रिकॉर्ड गर्माहट, आज बदलेगा मौसम; भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट
Sun, 05 Jan 2025 01:30 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sun, 05 Jan 2025 01:30 AM IST
सार
जनवरी में 18 साल बाद सोलन में पहली बार अधिकतम तापमान 29 डिग्री पहुंच गया है। इससे पहले इस माह सबसे ज्यादा पारा 2007 में 27.5 डिग्री रहा था। पहाड़ों की रानी शिमला में भी तापमान के पुराने सभी रिकॉर्ड टूट गए हैं।
विज्ञापन
file pic
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जनवरी के सर्द मौसम में राजधानी शिमला के साथ सोलन में रिकॉर्ड गर्माहट दर्ज की गई है। जनवरी में 18 साल बाद सोलन में पहली बार अधिकतम तापमान 29 डिग्री पहुंच गया है। इससे पहले इस माह सबसे ज्यादा पारा 2007 में 27.5 डिग्री रहा था। पहाड़ों की रानी शिमला में भी तापमान के पुराने सभी रिकॉर्ड टूट गए हैं।
विज्ञापन
शुक्रवार को पारा 22 डिग्री दर्ज हुआ था। शनिवार को नया रिकॉर्ड बनाते हुए यह 23.1 डिग्री पहुंच गया। जनवरी में यह अब तक का सबसे ज्यादा तापमान है। उधर, रविवार दोपहर से हिमाचल प्रदेश में मौसम बदलेगा। सोमवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 5 से 7 जनवरी तक अधिकांश क्षेत्रों में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है।
विज्ञापन
शनिवार को रोहतांग दर्रा के साथ बारालाचा, कुंजुम दर्रा, सीबी रेंज की चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ, जबकि शिमला सहित अन्य क्षेत्रों में धूप खिली रही। मैदानी क्षेत्रों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सिरमौर, मंडी और सोलन के कई क्षेत्रों में सुबह व शाम के समय कोहरा छाया रहा। बीते दिनों हुई बर्फबारी के बाद से अटल टनल व जलोड़ी दर्रा से बस सेवाएं ठप हैं।
विज्ञापन
लाहौल घाटी में अभी 119 सड़कें बंद हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के आठ जिलों में दो दिन भारी बारिश-बर्फबारी का येलो व ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 5 जनवरी को हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा व लाहौल-स्पीति के लिए भारी बारिश-बर्फबारी व अंधड़ का येलो अलर्ट है। 6 जनवरी को लाहाैल-स्पीति, किन्नाैर, शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा व चंबा जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। 5 और 6 जनवरी को शिमला शहर, कुफरी, नारकंडा, डलहौजी और मनाली सहित अधिकांश पर्यटन स्थलों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश-बर्फबारी के आसार हैं।
इस दौरान राज्य के निचले पहाड़ी/मैदानी क्षेत्रों और मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बिजली गिरने के साथ अंधड़ चलने की संभावना भी है। 7 जनवरी को भी कुछ स्थानों पर मौसम खराब रह सकता है। 8 जनवरी से पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। उधर, शनिवार को हमीरपुर में अधिकतम तापमान 27.4, सुंदरनगर में 26.0, बिलासपुर में 25.6, नाहन में 24.6, कांगड़ा में 22.4, धर्मशाला में 21.7, ऊना में 21.6, मंडी-भुंतर में 20.0, चंबा में 20.2, मनाली में 15.3 केलांग में 7.2 और कल्पा में 6.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
जनवरी से मार्च के दौरान इन जिलों में होगी सामान्य बारिश
35 से 45 प्रतिशत संभावना है कि जनवरी से मार्च के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होगी। किन्नौर और लाहौल-स्पीति के कुछ हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। चंबा, कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर जिलों के कुछ हिस्सों और सोलन जिले के आसपास के क्षेत्रों में सामान्य बारिश होगी। 50 से 75 प्रतिशत संभावना है कि जनवरी 2025 के दौरान प्रदेश के ऊंचे पहाड़ी इलाकों और आसपास के मध्य पहाड़ी इलाकों के अधिकांश हिस्सों में औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा, जबकि निचले पहाड़ी इलाकों/मैदानी इलाकों में औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहेगा।
क्षेत्र न्यूनतम तापमान
- ताबो - 8.4
- समदो - 4.5
- केलांग - 2.3
- कुकुमसेरी - 1.9
- कल्पा 0.7
- ऊना 3.0
- हमीरपुर 5.1
- मंडी 5.7
- धर्मशाला 5.8
- बिलासुपर 6.3
- शिमला 10.4