व्यापार मंडल की बैठक: हिमाचल में कई वस्तुओं पर मार्केट फीस घटाने की तैयारी, समिति गठित होगी
राज्य सचिवालय में हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को वस्तुओं पर मार्केट फीस युक्तिसंगत बनाने के लिए कृषि सचिव की अध्यक्षता में समिति गठित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार दुकानों के खुलने और बंद होने के समय को भी युक्तिसंगत बनाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में कई वस्तुओं पर मार्केट फीस घटाने तो कुछ पर इसे खत्म करने की तैयारी है। अगर ऐसा हुआ तो कई वस्तुओं के दाम कम हो जाएंगे। राज्य सचिवालय में हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को वस्तुओं पर मार्केट फीस युक्तिसंगत बनाने के लिए कृषि सचिव की अध्यक्षता में समिति गठित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार दुकानों के खुलने और बंद होने के समय को भी युक्तिसंगत बनाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीएसटी से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए भी राज्य, जिला और तहसील स्तर पर जीएसटी सलाहकार समिति का गठन किया जाएगा। व्यापारियों ने कपडे़ के मीटर पर नापतौल विभाग की स्टांप लगाने के नियम को अनावश्यक बताया।
कंडे-बट्टे पर हर साल मुहर लगाने, स्वेटर, साड़ी आदि में पैकिंग की स्थिति में एक्सपायरी तिथि लिखने जैसे नियमों को भी गैरजरूरी बताया तो इसी पर सीएम ने कहा कि व्यापारियों की सुविधा के लिए सभी अप्रासंगिक नियम खत्म करेंगे। व्यापारियों ने कहा था कि पहले राज्य में 131 वस्तुओं पर बाजार शुल्क लिया जाता था। अब इसमें 128 और वस्तुएं जोड़ी गई हैं। बाहर से आने वाली चीनी जैसी वस्तुओं पर भी एक से लेकर पांच फीसदी तक शुल्क लिया जा रहा है। इसे प्रदेश में उत्पादित वस्तुओं पर ही लिया जाना चाहिए। राज्य कर एवं आबकारी आयुक्त यूनुस ने बैठक का संचालन किया। व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष सुमेश कुमार शर्मा ने व्यापारिक समुदाय की मांगों पर ध्यान देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने मुख्यमंत्री को राज्यस्तरीय व्यापारी सम्मेलन के लिए भी आमंत्रित किया।
व्यापारी कल्याण कोष की स्थापना पर होगा विचार, समूह बीमा योजना में आएंगे व्यापारी
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि व्यापारी कल्याण कोष की स्थापना की मांग पर भी राज्य सरकार विचार करेगी। सरकार व्यापारियों को समूह बीमा योजना में लाने पर भी विचार कर रही है। व्यापारी कल्याण बोर्ड की बैठकें नियमित रूप से आयोजित होंगी।