हिमाचल में उपचुनाव: दुनिया के सबसे ऊंचे पोलिंग बूथ टशीगंग में 100 फीसदी मतदान
मंडी संसदीय क्षेत्र में सबसे कम 57.73 फीसदी लोगों ने मतदान किया। हालांकि इसी सीट के अंतर्गत आते मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के विधानसभा क्षेत्र सराज में सबसे ज्यादा 70.34 फीसदी लोगों ने वोट डाले।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में शनिवार को एक संसदीय सीट और तीन विधानसभा सीटों के लिए आठ जिलों के 20 विधानसभा क्षेत्रों में हुए उपचुनाव में 66.91 फीसदी मतदान हुआ। मतदाताओं ने देर शाम तक वोट डाले। मंडी संसदीय क्षेत्र में सबसे कम 57.73 फीसदी लोगों ने मतदान किया। हालांकि इसी सीट के अंतर्गत आते मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के विधानसभा क्षेत्र सराज में सबसे ज्यादा 70.34 फीसदी लोगों ने वोट डाले।
उधर, जुब्बल कोटखाई विधानसभा सीट में सबसे ज्यादा 78.69 फीसदी लोगों ने वोट दिए। अर्की विधानसभा में 64.97 और फतेहपुर विधानसभा में 66.20 फीसदी मतदान हुआ। सभी जगह 2017 के विधानसभा और 2019 के लोकसभा चुनाव से काफी कम संख्या में मतदाता घरों से बाहर निकले। 2019 के मंडी लोकसभा क्षेत्र के चुनाव के दौरान लोगों में मतदान को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला था। उस दौरान पूरे क्षेत्र में 73.04 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था। दुनिया के सबसे ऊंचे पोलिंग बूथ टशीगंग में 100 फीसदी मतदान हुआ।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपनी गृह पंचायत मुरहाग के भराड़ी स्कूल स्थित मतदान केंद्र में पहुंचकर लोगों के बीच कतार में खड़े होकर लोकसभा उपचुनाव के लिए मतदान किया। सीएम के साथ उनकी पत्नी डॉ. साधना ठाकुर, बड़ी बेटी प्रियंका और छोटी बेटी चंद्रिका भी मतदान करने पहुंचीं। सीएम मतदान केंद्र में सुबह करीब 10:30 बजे पहुंचे। मतदान करने पहुंचे सीएम जयराम ठाकुर को देख उनके गांव के लोग वोट देने के लिए खासे उत्साहित दिखे। मंडी संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर कुशाल ठाकुर ने नगवाईं और कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने रामपुर में मतदान किया।
इसी तरह 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान भी जुब्बल कोटखाई में 81.9 फीसदी, अर्की में 76.02 और फतेहपुर में 73.5 फीसदी मतदान हुआ था। मतदान के शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने के बाद अब सियासी पंडितों ने क्षेत्रवार हुए मतदान के आधार पर परिणामों का आकलन शुरू कर दिया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी सी पालरासु ने बताया कि उप निर्वाचन के लिए डाले गए मतों की गिनती 2 नवंबर को पहले से निर्धारित मतगणना केंद्रों पर की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर लोगों से मतदान में बढ़ चढ़कर भाग लेने की अपील की। सीएम ने मतदान के बाद आसपास के पोलिंग बूथों में जाकर फीडबैक भी लिया। सीएम जयराम ठाकुर ने दावा किया है कि भाजपा उपचुनाव में चारों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। सराज विधानसभा क्षेत्र में बुजुर्गों, महिलाओं और नए मतदाताओं में भी मतदान को लेकर जबर्दस्त उत्साह दिखा।
2484 मतदान केंद्रों पर 15 लाख से ज्यादा मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 18 से 19 साल की उम्र के 38 हजार से ज्यादा मतदाता पहली बार मतदान करेंगे। आयोग ने पहली बार 80 साल से ज्यादा उम्र के वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग और कोविड पॉजिटिव मरीजों के लिए मोबाइल मतदान केंद्र की भी व्यवस्था की है, जिनमें करीब 12 हजार मतदाता घर बैठे मतदान कर चुके हैं।
चारों सीटों पर कुल 18 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। 2 नवंबर को मतों की गणना होगी जिसके लिए पहले ही तैयारियां की जा चुकी हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी सी पालरासू ने बताया कि लोकतंत्र के इस पर्व को मनाने के लिए 15256 फीट की ऊंचाई पर लाहौल-स्पीति के टशीगंग में स्थापित दुनिया के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र से लेकर कुल्लू जिले के सुदूरवर्ती शाक्टी तक में मतदाताओं को नजदीक में मतदान की सुविधा मुहैया कराने का प्रयास किया गया है।
24000 से ज्यादा मतदान व सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है, जिनमें केंद्रीय सुरक्षा बल भी शामिल हैं। इसके अलावा 50 फीसदी केंद्रों की वेब कास्टिंग की जाएगी, ताकि जिला व प्रदेश मुख्यालय स्तर पर भी मतदान केंद्रों की निगरानी की जा सके।
कौन कहां से है मैदान में
मंडी संसदीय क्षेत्र
नाम दल
ब्रिगेडियर कुशाल चंद ठाकुर भाजपा
प्रतिभा सिंह कांग्रेस
अंबिका श्याम राष्ट्रीय लोकनीति पार्टी
मुंशी राम ठाकुर हिमाचल जनक्रांति पार्टी
अनिल कुमार निर्दलीय
सुभाश मोहन स्नेही निर्दलीय
फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र
बलदेव ठाकुर भाजपा
भवानी सिंह पठानिया कांग्रेस
पंकज कुमार दर्शी हिमाचल जनक्रांति पार्टी
डॉ. राजन सुशांत निर्दलीय
डॉ. अशोक कुमार सोमल निर्दलीय
अर्की विधानसभा क्षेत्र
रतन सिंह पाल भाजपा
संजय कांग्रेस
जीत राम निर्दलीय
जुब्बल कोटखाई क्षेत्र
नीलम सरैईक भाजपा
रोहित ठाकुर कांग्रेस
चेतन सिंह बरागटा निर्दलीय
सुमन कदम निर्दलीय