Shimla News: वीरेंद्र चौहान बोले- राजकीय अध्यापक संघ के नाम पर ठगी करने वालों पर दर्ज कराएंगे केस
वीरेंद्र चौहान ने कहा कि हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ की पंजीकरण संख्या 14 है। पंजीकरण तिथि 14 अक्तूबर 1957 है। संगठन की संबद्धता अखिल भारतीय माध्यमिक शिक्षक महासंघ से है।
विस्तार
हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान ने कहा कि उनके संगठन के नाम पर ठगी करने वालों के खिलाफ पुलिस केस दर्ज करवाया जाएगा। कहा कि कुछ संगठन राजकीय अध्यापक संघ के नाम से प्रदेश में शिक्षकों को गुमराह कर रहे हैं। संघ के नाम से सदस्यता शुल्क की प्रतियां छपा कर पैसा एकत्र किया जा रहा है। यह कार्यप्रणाली गलत और अनैतिक है। ऐसे लोगों के खिलाफ अब कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी। वीरेंद्र चौहान ने कहा कि हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ की पंजीकरण संख्या 14 है। पंजीकरण तिथि 14 अक्तूबर 1957 है। संगठन की संबद्धता अखिल भारतीय माध्यमिक शिक्षक महासंघ से है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय माध्यमिक शिक्षक महासंघ के महासचिव की ओर से 16 मई 2023 को जारी पत्र में स्पष्ट किया है कि प्रदेश में एक ही संगठन अखिल भारतीय माध्यमिक शिक्षक महासंघ से संबद्धता प्राप्त है और उसके प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान हैं।
वीरेंद्र चौहान ने कहा कि संघ में चुनाव प्रक्रिया को सुचारु और निष्पक्ष बनाने के लिए संविधान के अनुसार चुनाव आयोग गठित किया गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त अरुण गुलेरिया सहित दो चुनाव आयुक्त सरोज मेहता और डॉ. कुलदीप सिंह अत्री को संघ की धर्मशाला में हुई आम सभा में चुना गया। चुनाव आयोग ने जिलों में चुनाव पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी है। सात जून तक खंड के चुनाव कराने के निर्देश भी दे दिए हैं। इसके तहत ही पूरे प्रदेश में शिक्षकों से सदस्यता शुल्क के रूप में 200 रुपये की पर्ची काटी जा रही है। ऐसा देखने में आ रहा है कि कुछ जगह हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ के नाम पर फर्जी पर्चियां छपाकर लोगों से उगाही की जा रही है। वीरेंद्र चौहान ने कहा कि इस फर्जीवाड़े में ऐसे लोग शामिल हैं, जिन्हें तीन साल के लिए संगठन से निष्कासित किया गया है।