सीएम बोले- भाजपा में हो रही पतंगबाजी, बैठा जा रहा धूमल का दिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के मंडी के शाटाधार में नवनिर्मित शैटीनाग देव कोठी (शेषनाग मंदिर) के स्थापना कार्यक्रम में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा सीएम की कुर्सी के लिए पतंगबाजी कर रहे हैं।
उनकी पतंग जितनी ऊपर जा रही है, उतना ही धूमल का दिल बैठा जा रहा है। मंच पर मौजूद पूर्व मंत्री और सराज के भाजपा विधायक जयराम ठाकुर की तरफ इशारा करते हुए सीएम ने कहा कि हालांकि विपक्ष में कुछ अच्छे लोग भी हैं लेकिन, विधायक का पता नहीं कि वे धूमल गुट से हैं या नड्डा से।
लेकिन, वह भी पतंगबाजी करके देख लें। भारतीय जनता पार्टी एक कंजूस पार्टी है। यह पार्टी विकास कार्यों के लिए ऐसे बजट जारी करती है मानो जैसे नेता अपनी जेब से पैसा दे रहे हों। जहां जनता, प्रदेश और देश के विकास की बात आ जाए तो पैसा दिल खोलकर देना चाहिए।
सीएम ने कहा कि यहां के विधायक के गांव का स्कूल तो भाजपा अपग्रेड नहीं करवा सकी। मांग पर उस स्कूल को भी मैंने अपग्रेड करवाया है। बच्चों की सहूलियत को देखते हुए स्कूल खोले जाते हैं। इस दौरान युकां के प्रदेशाध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह और डीसी मंडी संदीप कदम भी मौजूद रहे।
सीएम बोले, अपनी ‘खारकी’ में रहे विपक्ष
विपक्ष को चेताते हुए सीएम ने कहा कि पहाड़ी भाषा में कहते हैं कि ‘अपनी खारकी में रहो’। लिहाजा विपक्ष के नेता अपने दायरे में रहें। आगामी चुनावों के लिए बीजेपी का तो अभी गर्भधारण ही नहीं हुआ है और पार्टी ने मुबारकबाद लेना शुरू कर दिया है।
प्रजातंत्र में विपक्ष का होना जरूरी है। विपक्ष को वहां टोकना चाहिए, जहां सरकार गलत काम कर रही हो या काम ही नहीं कर रही हो। जनता जनार्दन है। उनकी मर्जी से ही सरकार बनती है और बनेगी।
नहीं दिखे कांग्रेस के तीनों मंत्री
मंडी जिले में सीएम के कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के तीनों मंत्री गायब दिखे। स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर, ग्रामीण विकास मंत्री अनिल शर्मा और आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी कार्यक्रम से दूर रहे। हालांकि, अपने-अपने निजी कारणों का हवाला देेकर कार्यक्रम में न आने की बात कही जा रही है।