वीरभद्र ने मनाया 87वां जन्मदिन, भावुक होकर बोले- मैं स्वस्थ, जनता के बीच जाऊंगा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मंगलवार को होली लॉज में 87वां जन्मदिन मनाया। इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए वीरभद्र भावुक हो गए और रोते हुए कहा- पहले मैं बीमारी के दौर से गुजरा हूं। अब मैं पूरी तरह स्वस्थ हूं। ईश्वर और मां भीमा काली की कृपा से फिर से जनता की सेवा करने का मौका दिया है। मैं पहले भी प्रदेश की जनता के बीच जाता रहा हूं और अब भी नियमित जनता के बीच जाऊंगा। इससे पहले उन्होंने परिवार के सदस्यों और समर्थकों की मौजूदगी में केक काटा। पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पहले मैं बीमारी से जूझ रहा था परंतु अब पूरी तरह से तंदुरुस्त और ठीक हूं।
मुझ पर ईश्वर और मां भीमा काली की कृपा है। मुझे फिर से जनता की सेवा करने का मौका दिया है। आप सबका हृदय से धन्यवाद करता हूं। पूर्व मुख्यमंत्री को बधाई देने उनके करीबी नेता, पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर, कांग्रेस विधायक जगत सिंह नेगी, मोहन लाल ब्राक्टा, नंद लाल सहित प्रदेश कांग्रेस के कई पदाधिकारी पहुंचे। दूसरी ओर, कुमारसैन में प्रदेश कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर रक्तदान शिविर लगाया। इस दौरान 40 यूनिट रक्त एकत्र किया। वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को दूरभाष के माध्यम से बधाई दी। मुख्यमंत्री ने उनकी दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।
रामलोक मंदिर में वीरभद्र सिंह के जन्मदिन पर विशेष पूजा
वहीं, रामलोक मंदिर में मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के स्वास्थ्य के लिए विशेष पूजा करवाई गई। इस मौके पर स्वामी अमरदेव ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की लंबी आयु और बेहतर स्वास्थ्य के लिए विशेष प्रार्थना की। वीरभद्र सिंह की रामलोक मंदिर में गहरी आस्था है और वे निरंतर मंदिर में आते रहे हैं। पिछले दिनों वीरभद्र सिंह अस्वस्थ चल रहे थे तो भी उन्होंने रामलोक मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की थी।