शुभारंभ के पहले दिन सैकड़ों वाहनों ने पार की अटल टनल, कल से दिन में दो घंटे रहेगी बंद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सामरिक महत्व की अटल टनल रोहतांग के उद्घाटन के साथ ही शनिवार को वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। पहले दिन करीब 250 छोटे और बड़े वाहन टनल से होकर आर-पार हुए। सेना की कानवाई के साथ लाहौल से आलू से भरे दर्जनों ट्रक जिले से बाहर की सब्जी मंडियों के लिए रवाना हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा खत्म होने के बाद टनल से होकर वाहनों को ले जाने के लिए आलू से भरे ट्रक और अन्य छोटे वाहनों की नॉर्थ पोर्टल में लंबी लाइन लग गई, जिन्हें दोपहर बाद करीब चार बजे छोड़ा गया। सिस्सू में मोदी की रैली में भाग लेने आए लाहौल के कई लोग टनल होकर साउथ पोर्टल तक गए और फिर लौट आए।
स्थानीय निवासी अंगरूप ने कहा कि वह अपनी निजी वाहन में साउथ पोर्टल जाकर वापस आए हैं। टनल के भीतर सफर बहुत रोमांचक और सुखद रहा। महेंद्र ने कहा कि वह मोदी की जनसभा में शामिल होने सिस्सू तक आए थे। पता चला कि टनल होकर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। वह भी परिवार के साथ साउथ पोर्टल तक गए और फिर वापस आए। टनल के नॉर्थ पोर्टल में कई वीआईपी और अधिकारी फोटो खींचते नजर आए। टनल को उद्घाटन के बाद यातायात के लिए खोलने से लोगों में भारी उत्साह और खुशी है।
रविवार से टनल के दोनों मुहाने दिन में दो घंटे के लिए बंद होंगे। टनल के भीतर कुछ काम अधूरा रह गया है उसे पूरा किया जाएगा। सुबह नौ से 10 बजे और शाम को चार से पांच बजे तक टनल में किसी तरह की आवाजाही नहीं होगी। बाकि 22 घंटों में सभी के लिए दिन-रात खुली रहेगी। रविवार से एचआरटीसी बस सेवा भी शुरू करेगा।
बीओओ ने सौंपी रिपोर्ट लेकिन, सुरक्षा बंदोबस्त सामान्य
देश के लिए सामरिक रूप से अति महत्वपूर्ण अटल टलन रोहतांग का उद्घाटन शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर दिया। इसके बाद सेना और सामान्य लोगों के वाहनों का आवागमन भी शुरू हो गया लेकिन, हिमाचल पुलिस अभी तक इसकी सुरक्षा को लेकर कोई ठोस रणनीति नहीं बना सकी है। पुलिस मुख्यालय ने बोर्ड ऑफ आफिसर्स का गठन किया था। इसमें पुलिस के अलावा आईबी के अधिकारी भी शामिल थे। सभी ने इलाके का सर्वे कर मुख्यालय को एक रिपोर्ट सौंपी, जिसमें दोनों छोरों पर पुलिस पोस्ट बनाने से लेकर कई तरह की सिफारिशें की गईं।
वैसे तो टनल के शुरू होने से पहले ही उसकी सुरक्षा का खाका तैयार हो जाना चाहिए था लेकिन, पुलिस के ढुलमुल रवैये का नतीजा यह है कि टनल की सुरक्षा भी प्रदेश के किसी आम स्थान की तरह ही की जा रही है। नार्थ और साउथ पोर्टल पर लाहौल और कुल्लू पुलिस के कर्मी तैनात हैं। हालांकि, सेना पुलिस जरूर टनल के अंदर वाहन रोके जाने पर पूछताछ कर रही है। अब देखना यह है कि इस टनल की सुरक्षा का खाका कब तक तैयार होता है और उसके हिसाब से सुरक्षा बंदोबस्त कब तक किए जाएंगे।