धर्मशाला: तिब्बत पर चर्चा करने पहुंचीं अमेरिकी विशेष संयोजक उजरा, दलाईलामा से करेंगी भेंट
अमेरिका सरकार की अवर सचिव एवं तिब्बती मामलों में अमेरिका की विशेष संयोजक उजरा जेया धर्मशाला के दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को पहुंचीं। यहां वह तिब्बत मामलों और मानवाधिकारों के उल्लंघन पर तिब्बती समुदाय से चर्चा करेंगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमेरिका ने तिब्बत मामले के जरिये चीन के खिलाफ फिर घेराबंदी शुरू कर दी है। अमेरिका सरकार की अवर सचिव एवं तिब्बती मामलों में अमेरिका की विशेष संयोजक उजरा जेया धर्मशाला के दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को पहुंचीं। यहां वह तिब्बत मामलों और मानवाधिकारों के उल्लंघन पर तिब्बती समुदाय से चर्चा करेंगी। उजरा के साथ आए प्रतिनिधिमंडल में अमेरिकी दूतावास की प्रतिनिधि पेट्रीसिया ए लसीना भी शामिल है। प्रतिनिधिमंडल ने निर्वासित तिब्बत सरकार के प्रधानमंत्री पेंपा सेरिंग और अन्य सदस्यों के साथ तिब्बत मसले पर मंत्रणा की।
उजरा पांच दिवसीय भारत और नेपाल दौरे पर हैं। उजरा बौद्ध धर्मगुरु दलाईलामा से भी मुलाकात करेंगी। प्रतिनिधिमंडल को भारत सरकार ने जेड प्लस सुरक्षा मुहैया करवाई है। तिब्बत के लोगों ने उनका कांगड़ा एयरपोर्ट से लेकर मैक्लोडगंज तक भारत, अमेरिका और तिब्बत के झंडों के साथ स्वागत किया। तिब्बती युवा वांगचुक ने बताया कि उजरा और पेट्रीसिया का धर्मशाला आना बेहद महत्वपूर्ण है। उजरा निर्वासित तिब्बत सरकार के स्कूलों और सांस्कृतिक उत्थान केंद्रों का दौरा भी करेंगी।
दिसंबर 2021 में उजरा की हुई थी नियुक्ति
अमेरिका ने तिब्बत के मुद्दों को हल करने के लिए भारतीय मूल की राजनयिक उजरा जेया को दिसंबर 2021 में अपना विशेष संयोजक नियुक्त किया था। अमेरिका ने उन्हें तिब्बत पर समझौते के लिए चीन और दलाईलामा या उनके प्रतिनिधियों के बीच ठोस बातचीत आगे बढ़ाने का काम सौंपा है। उन्होंने 2018 में अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों के खिलाफ विदेश सेवा से इस्तीफा दे दिया था। वह अमेरिकी सरकार में नागरिक सुरक्षा, लोकतंत्र और मानवाधिकारों की अवर सचिव भी हैं। वह अमेरिका की विशेष संयोजक के तौर पर वर्ष 2020 की तिब्बती नीति एवं सहयोग अधिनियम के अनुरूप तिब्बत के मामलों से संबंधित अमेरिकी सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों और परियोजनाओं का समन्वय कर रही हैं।