जयराम सरकार के दो साल: 25 हजार लोग बनेंगे जश्न के गवाह, तैयारियों पर पार्टी ने किया मंथन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल सरकार के दो साल पूरा होने पर रिज मैदान पर होने वाली रैली के 25 हजार लोग गवाह बनेंगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने गुरुवार को पार्टी के महासू और शिमला जिला व मंडल के पदाधिकारियों तथा शिमला नगर निगम के मेयर व पार्षदों के साथ बैठक में रैली की तैयारियों की समीक्षा की। शिमला जिले से 10 हजार लोगों को लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में सत्ती ने कहा कि शिमला के अलावा सोलन और सिरमौर से भी भारी संख्या में लोग रैली में पहुंचेंगे। सुदूरवर्ती जिलों से वहां के सभी मंडल व जिला कार्यकारिणी के अलावा मोर्चों की कार्यकारिणी भाग लेगी। सरकार भी विभिन्न योजनाओं के शिमला व आसपास के जिलों के लाभार्थियों को रैली में लाने की व्यवस्था करेगी।
रैली में गृह मंत्री व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के अलावा जेपी नड्डा, अनुराग ठाकुर, शांता कुमार, प्रेम कुमार धूमल समेत सभी मंत्री, विधायक, पूर्व विधायक, सांसद, पूर्व सांसद व पदाधिकारी शामिल होंगे। सत्ती ने बताया कि रैली की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को वह संगठन महामंत्री पवन राणा के साथ मिलकर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के पदाधिकारियों की बिलासपुर में बैठक करेंगे। इससे पहले मंडी व कांगड़ा की धर्मशाला में बैठक हो चुकी है।
बिन सेना के सेनापति को दे देंगे बिल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर के रैली की तैयारियों पर सवाल उठाने पर सत्ती ने चुटीले अंदाज में कहा, कांग्रेस के पास बिना गुट का सरदार है। कार्यकारिणी है नहीं, इसलिए राठौर पहले अपनी पार्टी पर ध्यान दें, उसके बाद भाजपा पर सवाल उठाएं। रैली को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा झंडा, बैनर व होर्डिंग से लेकर हर चीज अपने पैसे से खरीदती या किराए पर लेती है। अगर कांग्रेस अध्यक्ष को चिंता है तो उन्हें बिल भेज दिए जाएंगे।
जनवरी में मिलेगा नया प्रदेशाध्यक्ष
नए प्रदेश अध्यक्ष के सवाल पर सत्ती बोले - बुधवार को कोर कमेटी की बैठक में राष्ट्रीय महासचिव मुरलीधर राव और सचिव सुनील देवधर ने नामों पर चर्चा की थी। इन नामों पर लिए गए फीडबैक को वह राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा से साझा करेंगे। इसके बाद वहां से ही नए नाम पर मुहर लगेगी। स्पष्ट किया कि 27 दिसंबर को सरकार के दो साल का कार्यक्रम है और झारखंड में चुनाव में केंद्रीय कार्यकारिणी व्यस्त है। ऐसे में नए अध्यक्ष पर जनवरी में फैसला होने की उम्मीद है।
सभी वर्गों को समझाएंगे सीएए
नागरिकता संशोधन कानून पर चल रहे विवाद पर सत्ती ने कहा कि कांग्रेस और अन्य दल लोगों को बरगलाने का काम कर रहे हैं। जो कानून नागरिकता देने का है, उसे नागरिकता छीनने का बताकर माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। पार्टी प्रदेश में लोगों के साथ संवाद कर कानून के बारे में विस्तार से बताएगी।