कंप्रेशर मशीन फटने से दो कामगारों की मौत, कई ने भागकर बचाई जान
चंबा जिले के होली क्षेत्र के लाकेवाली माता मंदिर मार्ग पर सड़क निर्माण के दौरान कंप्रेशर मशीन फटने से दो कामगारों की मौत हो गई। यह हादसा सोमवार दोपहर के समय हुआ।
मृतकों की पहचान नीरज कुमार पुत्र चमन दत्त निवासी गांव लुहानी डाकघर टिकरू तहसील सलूणी जिला चंबा व प्यार सिंह पुत्र प्रहलाद गांव मल्ला डाकघर सामरा उपतहसील धरवाला जिला चंबा के रूप में हुई है।
प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को फौरी राहत जारी की गई है। जानकारी के अनुसार उक्त मार्ग पर चुरै, जालसू और उतराला के लिए सड़क का कार्य चल रहा है।
यहां लेबर कंप्रेशर मशीन से कार्य में जुटी हुई है। सोमवार दोपहर बाद अचानक कंप्रेशर मशीन ब्लास्ट हो गई जिससे मशीन से कुछ ही दूरी पर काम में जुटे नीरज व प्यार सिंह चपेट में आ गए।
मशीन के फटते ही मौके पर धुआं छा गया। अन्य मजदूरों ने भागकर जान बचाई। धुआं छंटने के बाद अन्य कामगार मौके पर पहुंचे और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए।
पुलिस ने होली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। नायब तहसीलदार रोशन मांटा ने बताया कि कंप्रेशर मशीन के फटने से दो कामगारों की मौत हुई है। प्रशासन की ओर से फौरी राहत जारी कर दी गई है।