Shimla: तकलेच के मांदली गांव में दो मंजिला मकान राख, देर रात को भड़की आग
उपमंडल रामपुर की तकलेच पंचायत के मांदली गांव में देर रात एक बजे एक दो मंजिला मकान में अचानक आग लग गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शिमला जिले के उपमंडल रामपुर की तकलेच पंचायत के मांदली गांव में देर रात एक बजे एक दो मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। इस घटना में दो मंजिला लकड़ी का मकान जल कर राख हो गया। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, ग्रामीणों ने समय रहते आग पर काबू पाकर दूसरे घरों को बचा लिया। पुलिस थाना रामपुर की जानकारी के अनुसार उप तहसील तकलेच के मांदली गांव में वीरवार रात करीब एक बजे रोशन लाल के दो मंजिला मकान में अचानक आग भड़क गई। इस घटना में दो मंजिला मकान के दो कमरे जलकर राख हो गए। जिस समय आग लगी उस समय रोशन लाल का बेटा और बहु मकान के निचले वाले रसोईघर में सोए हुए थे। उनको आग लगने की भनक तक नहीं लगी। पड़ोसी संतोष ने आग की उठती लपटों को देखा। वह तुरंत अपने कमरे से बाहर निकला और रोशन के बेटे को उठाया।
इसके बाद ग्रामीणों को भी सूचना दी। ग्रामीणों ने मिलकर राहत कार्य शुरू कर दिया और समय रहते रोशन के परिवार और दूसरे घरों को आग की चपेट में आने से बचा लिया। इस दौरान बाजवा गांव से सुरेश, प्रदीप, महेंद्र, सुरेंद्र, संतोष और छह नेपाल मूल के लोग भी मदद के लिए पहुंचे। गनीमत रही कि आग पर समय रहते काबू पाया लिया, वरना साथ लगते घर भी इस आग की चपेट में आ जाते। ग्रामीणों की सजगता और तत्परता के कारण आग को बुझाने में सफलता मिल पाई। शुक्रवार सुबह आग लगने की सूचना रोशन ने पुलिस और प्रशासन की दी। सूचना मिलते ही राजस्व विभाग का दल मौके पर पहुंचा और नुकसान का आकलन करने में जुट गया है। पुलिस भी मकान में आग लगने के कारणों की छानबीन कर रही है। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
नुकसान का आकलन किया जा रहा
एसडीएम रामपुर निशांत तोमर ने बताया कि मांदली गांव में आग लगने से दो मंजिला मकान जलने की सूचना मिली है। मौके पर राजस्व विभाग के पटवारी को भेजा गया है, जो नुकसान का आकलन कर रहे हैं। प्रभावित परिवार को 10 हजार रुपये की फौरी राहत जारी की गई है।