शिमला: नेरवा के टेलर गांव में दो सगी बहनों की मौत, सर्पदंश की आशंका; कमरे में सुबह मिलीं बहोश
शिमला जिले के उपमंडल चौपाल के नेरवा क्षेत्र के टेलर गांव में दो सगी बहनों महक (10) और कनक (7) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हालांकि, सर्पदंश से मौत की आशंका जताई जा रही है। यह घटना 20 सितंबर की रात को हुई, जब दोनों बहनें घर में सो रही थीं।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के उपमंडल चौपाल के नेरवा क्षेत्र के टेलर गांव में दो सगी बहनों महक (10) और कनक (7) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हालांकि, सर्पदंश से मौत की आशंका जताई जा रही है। यह घटना 20 सितंबर की रात को हुई, जब दोनों बहनें घर में सो रही थीं। 21 सितंबर की सुबह उन्हें बेहोशी की हालत में पाया गया। उन्हें उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया। वहां उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार महक और कनक अपने माता-पिता के साथ मकान की धरातल मंजिल में सोई थीं। अगले दिन सुबह पिता काम पर चले गए और मां सपना खेतों में काम करने चली गई।
मां ने सांप को कमरे से बाहर जाते देखा
सुबह करीब आठ बजे मां घर लौटी तो दोनों बच्चियां कमरे में बेहोशी की हालत में थीं। आवाज लगाने पर भी उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसी दौरान मां ने एक सांप को कमरे से बाहर जाते हुए देखा, जिससे परिजनों को सांप के डसने की आशंका हुई। परिजनों ने तुरंत दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी उत्तराखंड पहुंचाया। वहां से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रोहड़ू रेफर किया गया और फिर आगामी उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया। उपचार के दौरान महक की मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सकों की अंतिम राय के बाद ही होगा माैत के असल कारणों का खुलासा
पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचने के लिए रवाना हुए। इसी दौरान कनक की भी मौत की सूचना मिली। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सकों की अंतिम राय अभी मिलना बाकी है। पुलिस ने धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू की है। प्रारंभिक जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर दोनों बहनों की मौत जहरीले सांप के काटने से होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस की ओर से मामले में अन्य प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। एसडीएम चौपाल हेमचंद वर्मा ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी तक नहीं प्राप्त हुई है।