पशु चराने गए दो मासूमों की खड्ड में डूबने से मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पशु चराने गए दो मासूमों की खड्ड में डूबने से मौत हो गई। मामला हिमाचल के ऊना जिले का है। बंगाणा की डीहर पंचायत की राजपुरा खड्ड में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 11 वर्षीय अंकिता और 13 वर्षीय सौरव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गांव राजपुरा के कुछ बच्चे खड्ड के समीप पशु चराने आए थे और यह हादसा पेश आया। बच्चों की मौत से गांव वासियों में मातम का माहौल है।
पुलिस ने दोनों शवों का ऊना अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले सौंप दिए हैं। जबकि मामले के संदर्भ में पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह लगभग नौ बजे ग्राम पंचायत डीहर के गांव राजपुरा के कई बच्चे खड्ड किनारे पशु चरा रहे थे।
खड्ड किनारे बने गहरे गड्ढे में डूब गए
बच्चों के साथ इनके परिजन भी जंगल में पशुओं के लिए चारा काट रहे थे। पशु चराते समय अचानक खड्ड किनारे बने एक गहरे गड्ढे में अंकिता एवं सौरव गिरने से पानी में डूब गए। साथ में आए बच्चों के चिल्लाने पर आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर दोनों को काफी मुश्किल के बाद बाहर निकाला। हादसे में अंकिता पुत्री तिलक राज की मौत हो गई थी। जबकि सौरव पुत्र शाम लाल को गंभीर हालत में बंगाणा लाया गया।
जहां चिकित्सकों ने उसे ऊना रेफर कर दिया। ऊना अस्पताल में उपचार के दौरान सौरव ने भी दम तोड़ दिया। उधर, बंगाणा थाना के एसएचओ त्रिलोक चंद ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों का ऊना अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस ने मामले के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पशु चरा रही महिला ट्रेन की चपेट में आई
ऊना के सुनेहरा में ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान सुमन कुमारी निवासी सुनेहरा के रूप में हुई है। महिला ट्रैक से अपने मवेशी को हटा रही थी, इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गई। जानकारी के अनुसार सुमन कुमारी सुनेहरा रेलवे ट्रैक के समीप पशु चरा रहा थी।
नंगल से अंब-अंदौरा जा रही हिमाचल एक्सप्रेस ट्रेन की आवाज सुनकर सुमन ट्रैक पर चर रहे अपने मवेशी को बचाने का प्रयास करने लगी, लेकिन भैंस को बचाने के चक्कर में सुमन खुद ट्रेन की चपेट में आ गई। स्थानीय लोगों की मदद से सुमन को उपचार के लिए ऊना अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसने दम तोड़ दिया। रेलवे चौकी प्रभारी कुलदीप कुमार ने मामले की पुष्टि की है।