हिमाचल: सरिया और शटरिंग लेकर जा रहा ट्रक पलटा, सात मजदूर घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के सिरमौर जिले के नाहन-पांवटा मार्ग पर शहर से करीब दो किलोमीटर दूर कांशीवाला कैंची मोड़ पर शनिवार शाम सरिया, शटरिंग व लोहे के एंगल से लदा ट्रक पलट गया। इससे उसमें सवार सात मजदूर बुरी तरह घायल हो गए। सभी घायल उत्तर प्रदेश के हैं। घायलों में तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। तीनों को पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। हादसा इतना खतरनाक था कि एक मजदूर को पांव ही कटकर अलग हो गया।
जानकारी के अनुसार शटरिंग, लोहे को एंगल व सरिये से लदा एक ट्रक नाहन से पांवटा की तरफ जाते वक्त कांशीवाला में कैंची मोड़ पर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रक में सवार सात लोग ट्रक में लोड सामग्री के नीचे आ गए। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। इसी बीच उपायुक्त सिरमौर डॉ. आरके परूथी और नाहन के विधायक डॉ. राजीव बिंदल भी मौके पर पहुंच गए। घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
हादसा इतना दर्दनाक था कि घायलों में एक का पांव ही कटकर अलग हो गया। अन्यों को भी गंभीर चोटें आई हैं। एसपी अजय कृष्ण शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ट्रक पांवटा की ओर जा रहा था, जिसमें प्रवासी मजदूर सवार थे। सभी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। सभी घायलों को मेडिकल कालेज नाहन पहुंचाया गया है। तीन को पीजीआई रेफर किया गया है।
घायलों की सूची
कांशीवाला में हुए सड़क हादसे के सभी घायल उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से संबंधित हैं। घायलों में सतवीर (19), देशपाल (34), वीरपाल (27), रामवीर (39), जसवीर (21) उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बाकरगंज निवासी हैं। रामेंद्र (21) बरेली जिले के फतेहगंज और चंद्रभन (25) उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले का निवासी बताया जा रहा है।