श्रीनगर बस सेवा फेल होने पर परिवहन मंत्री बाली का यूटर्न
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
धर्मशाला से जम्मू-कश्मीर के लिए शुरू पहली वोल्वो बस सेवा के फेल होने के बाद परिवहन मंत्री जीएस बाली ने अब यूटर्न ले लिया है। अब इस बस सेवा को श्रीनगर के बजाय उधमपुर और कटड़ा तक कर दिया गया है। वोल्वो बस सेवा के फेल होने के पीछे तर्क दिया जा रहा है कि प्रदेश सरकार ने श्रीनगर तक बस रूट की परमिशन नहीं ली थी। इन आरोपों के बाद हमीरपुर के सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में जीएस बाली ने इस पर सफाई दी।
उन्होंने कहा कि जिस दिन यह बस सेवा शुरू हुई, उस रात श्रीनगर में फायरिंग शुरू हो गई। तीन पुलिस कर्मियों की हत्या कर दी गई। जिस कारण जेएंडके की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती इस बस सेवा को हरी झंडी नहीं दिखा पाईं। उन्होंने जेएंडके की मुख्यमंत्री से बातचीत भी की, लेकिन तनावपूर्ण हालात और सुरक्षा के मद्देनजर उन्होंने इस बस सेवा को फिलहाल बंद करने की बात कही।
बाली ने कहा कि देश के लोगों की सुरक्षा से कोई भी समझौता नहीं होगा। उन्हें यात्रियों की चिंता है। जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते तब तक इस बस सेवा को श्रीनगर के बजाय उधमपुर और कटड़ा तक जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि धर्मशाला से जयपुर और धर्मशाला-नोएडा दो नए रूटों पर वोल्वो बसें चलाई जाएंगी।
हमीरपुर, दियोटसिद्ध, जाहू से भी चलेंगी वोल्वो
सर्किट हाउस सीपीएस आईडी लखनपाल और घुमारवीं के विधायक राजेश धर्माणी भी मौजूद रहे। इन दोनों नेताओं की मांग पर पर परिवहन मंत्री ने दियोटसिद्ध-नैनादेवी-दिल्ली और जाहू-घुमारवीं दिल्ली रूट पर दो नई वोल्वो बसें चलाने की घोषणा की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू के आग्रह पर पीजीआई के मरीजों के सुविधा के लिए हमीरपुर से चंडीगढ़ सवेरे नई वोल्वो बस सेवा शुरू करने की घोषणा की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व बीजेपी सरकार के समय परिवहन मंत्री एचआरटीसी में 574 करोड़ का घाटा छोड़ गए थे, जिसे अब कम करके एचआरटीसी को पटरी पर लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में वर्तमान में 2900 बसें हैं। इसके अलावा बीस नई वोल्वो बसें आ रही हैं।