टेस्ट में फेल हुए तो जब्त होगा एचआरटीसी चालकों का लाइसेंस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एचआरटीसी चालकों को अब तीन साल के बाद ड्राइविंग टेस्ट देना पड़ेगा। अगर चालक टेस्ट में फेल होता है तो उसका लाइसेंस जब्त किया जाएगा। बस से उतारकर चालक की सेवाएं परिवहन निगम के दूसरे कार्यों में ली जाएंगी। रोड सेफ्टी एक्ट में इस तरह की व्यवस्था की गई है। यही नहीं, चालकों की आंखों का टेस्ट होने के साथ-साथ शुगर और ब्लड प्रेशर की भी जांच की जाएगी। हिमाचल में बस हादसों पर अंकुश लगाने को प्रदेश सरकार यह व्यवस्था करने जा रही है।
परिवहन मंत्री जीएस बाली ने प्रेसवार्ता में कहा कि चालकों के आंख के टेस्ट लगातार किए जा रहे हैं। अब ब्लड और शुगर का टेस्ट भी इसमें शामिल किए गए हैं। डॉक्टरों से हर तीन साल के बाद चालकों को यह सर्टिफिकेट लेना पड़ेगा। चालकों की स्वास्थ्य जांच के लिए परिवहन निगम खुद भी शिविरों का आयोजन करेगा।
निगम के बेड़े में शामिल हुईं 300 नई बसें
जीएस बाली ने कहा कि परिवहन निगम ने 370 नई बसों को खरीदने का फैसला लिया था। निगम के बेड़े में 300 बसें शामिल हो गई हैं। इनमें से 120 बसें दुर्गम क्षेत्रों में चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम ने इलेक्ट्रिक बसों के टेंडर कर दिए हैं।
जल्द ही हिमाचल में यह बसें आनी शुरू हो जाएंगी। पुराने नोट बंद होने की मार एचआरटीसी पर भी पड़ी है। बाली ने कहा कि निगम में प्रतिदिन 2.10 करोड़ रुपये की कमाई होती थी, वहीं आज यह कमाई 1.70 करोड़ पहुंच गई है।
राशन डिपो में मिलेंगी रोजमर्रा की सभी चीजें: बाली
खाद्य आपूर्ति निगम अब राशन डिपो में रोजमर्रा की सभी वस्तुएं बेचेगा। इसके लिए निगम ने कंपनी से संपर्क कर लिया है। हर कंपनी से 300 आइटम लिए जाएंगे। डिपो में उपभोक्ताओं को यह सामान बाजार मूल्य की अपेक्षा 5 से 15 फीसदी कम रेट में उपलब्ध कराया जाएगा। निगम ने हिंदुस्तान लीवर, नेस्ले आदि अन्य कंपनियों से संपर्क कर लिया है।
अभी लोगों को डिपुओं में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत आटा, चावल, तेल, चीनी और दालें उपलब्ध करवाई जा रही हैं। अब रसोई में इस्तेमाल होने वाली हर वस्तुएं उपभोक्ताओं को डिपो में उपलब्ध होंगी। परिवहन एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री जीएस बाली ने प्रेसवार्ता में कहा कि मैगी, शैंपु, तेल, साबुन, सर्फ, सूप, दालें आदि अन्य समान उपलब्ध कराया जाएगा। कहा कि धीरे-धीरे खाद्य आपूर्ति निगम कपड़ा और स्टेशनरी का समान भी डिपुओं में उपलब्ध करवाएगा।
डिपुओं में लगेंगी पॉस मशीनें
खाद्य आपूर्ति निगम डिपुओं में पॉस मशीनें स्थापित करने जा रहा है। इसके टेंडर आमंत्रित कर दिए हैं। पहले इन मशीनों को खाद्य आपूर्ति निगम के डिपुओं में लगाया जाएगा। उसके बाद अन्य दूसरे डिपुओं में ये मशीनें स्थापित की जाएंगी। लोगों को एटीएम कार्ड की तरह राशनकार्ड मिलेगा। इसके लिए टेंडर कर दिए गए हैं।
कार्ड को स्वाइप करके लोगों को राशन उपलब्ध कराया जाएगा। एक महीने के भीतर यह प्रोसेस शुरू किया जाएगा। जीएस बाली ने कहा कि खाद्य आपूर्ति निगम ने पहली से 12वीं कक्षा तक स्कूली छात्रों की वर्दी भेज दी है। मुख्यमंत्री वर्दी योजना के तहत स्कूलों में छात्रों को वर्दी दी जा रही है।
हिमाचल में सरिया बचेगा खाद्य आपूर्ति निगम
हिमाचल के लोगों को अब घर बनाने के लिए बाजार मूल्य की अपेक्षा सस्ता सरिया मिलेगा। खाद्य आपूर्ति निगम ने हिमाचल में सरिया बेचने का फैसला लिया है। इसके लिए निगम ने पांवटा, सोलन, घुमारवीं, चंबा, नूरपुर, नगरोटा बगवां और ऊना में दुकानें खोलने का फैसला लिया है। इन दुकानों में सरिया के साथ अन्य लोहे का सामान रखा जाएगा।
खाद्य आपूर्ति निगम ने स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया से डीलरशिप ले ली है। खाद्य आपूर्ति मंत्री जीएस बाली ने प्रेसवार्ता में कहा कि सरिया में खाद्य आपूर्ति निगम कम से कम मार्जन लेगा। गाड़ी के खर्चा और दुकानों में बैठने वाले कर्मचारियों की हर महीने की तनख्वाह निकलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि खाद्य आपूर्ति निगम का कंपनी के साथ डायरेक्ट लीक रहेगा।
कंपीटीशन में जनता का होगा फायदा
खाद्य आपूर्ति निगम और सरिया कारोबारियों में कंपीटीशन होने से हिमाचल की जनता का फायदा होगा। लोगों को सस्ता और बेहतर क्वालिटी का सामान मिलेगा।
हिमाचल में बनेंगे ट्रांसपोर्ट नगर
परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा कि हिमाचल में ट्रांसपोर्ट नगर बनेंगे। यह नगर हमीरपुर, कांगड़ा, बिलासपुर, ऊना में बनाए जाएंगे। इसमें गाड़ियों की रिपेयर के सामान के साथ गाड़ियों की डेंटिंग-पेंटिंग की जाएगी।