Kullu Road Accident: भूतनाथ के पास सड़क किनारे पलटी जीप, चालक समेत सात लोग घायल
कुल्लू जिला मुख्यालय के साथ वामतट से गुजरने वाले फोरलेन पर यात्रियों से भरी एक जीप पलट गई। हादसे में चालक सहित सात लोग घायल हो गए हैं।
विस्तार
कुल्लू जिला मुख्यालय के साथ वामतट में भूतनाथ पुल के पास एक जीप (बोलेरो) हाईवे-तीन पर पलट गई। इसमें चालक सहित सात लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों का इलाज क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में चल रहा है। हादसा मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे हुआ है। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह ढालपुर से पतलीकूहल में गर्म कपड़ों की मार्किट लगाने के लिए जा रहे प्रवासी (रेहड़ी फड़ी वाले) जीप में अपना सामान लेकर जा रहे थे। इस दौरान भूतनाथ पुल के पास जैसे ही गाड़ी पहुंची तो यहां सड़क पर मिट्टी का ढेर और पत्थर होने से गाड़ी एक पत्थर से टकराने के बाद सड़क किनारे पलट गई। इसमें सवार सभी सात लोग घायल हो गए और गाड़ी में रखा सामान भी सड़क पर बिखर गया। सूचना मिलते ही कुल्लू पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे में घायल जीप चालक बबलजीत (28) पुत्र परमजीत सिंह निवासी आलोकल जिला पटियाला पंजाब के अलावा आकाश (24) पुत्र कनवल कुमार निवासी गुरु नानक नगर जिला पटियाला पंजाब, सोनू (26) पुत्र प्रसाद निवासी गुरु नानक नगर जिला पटियाला पंजाब, रवि (28) पुत्र रमेश निवासी सुभाना जिला मेहसाणा गुजरात, देव कुमार (29) पुत्र देशराज निवासी गुरु नानक नगर जिला पटियाला पंजाब, अर्जुन (37) पुत्र कर्मचंद निवासी गुरु नानक नगर जिला पटियाला पंजाब और विशाल (23) पुत्र रामू निवासी गुरु नानक नगर जिला पटियाला पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू डाॅ. कार्तिकेयन ने कहा कि हादसे में सभी को हल्की चोटें आई हैं। सभी का जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। कहा कि हादसा कैसे हुआ, इसकी पुलिस जांच कर रही है।