गोवा टुअर पर गए दो डॉक्टरों को स्वाइन फ्लू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में एक ही दिन में स्वाइन फ्लू के दो मामले उजागर होने के बाद हड़कंप मच गया है। टांडा मेडिकल कॉलेज की दो प्रशिक्षु डॉक्टरों की ब्लड सैंपल रिपोर्ट आईजीएमसी शिमला में पॉजिटिव पाई गई है।
प्रदेश में स्वाइन फ्लू का तीसरा मामला है और तीनों कांगड़ा के हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात को दोनों प्रशिक्षु डॉक्टरों की तबीयत बिगड़ गई थी। चेकअप के बाद ब्लड सैंपल शिमला भेजे गए।
बुधवार को पुष्टि होने के बाद दोनों को आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया है। दोनों का उपचार चल रहा है।
गोवा गए थे टूअर पर
स्वाइन फ्लू की पुष्टि के बाद डॉक्टरों और मरीजों में हड़कंप की स्थिति है। टांडा कॉलेज प्रशासन सतर्क हो गया है। संपर्क में आने वाले कुछ लोगों की जांच भी की जा रही है। मेडिकल कॉलेज के एमएस डा. दिनेश सूद ने दो प्रशिक्षु डाक्टरों की स्वाइन फ्लू की रिपोर्ट पॉजिटिव आने की पुष्टि की है।
सूत्रों की मानें तो प्रशिक्षु डॉक्टर सेकेंड सेमेस्टर के हैं। बताया जा रहा है कि दोनों हाल ही में टूर पर गोवा गए थे जहां उन्होंने नॉनवेज खाया था। इसके बाद उन्हें शंका हुई तो चेकअप कराया।
आईजीएमसी शिमला के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश का कहना है कि टांडा मेडिकल कॉलेज के दो प्रशिक्षु डॉक्टरों की ब्लड सैंपल रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए गए हैं। टांडा से इनके सैंपल जांच को यहां भेजे गए थे। पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद इसकी जानकारी कालेज प्रबंधन को दे दी गई है।
ये हैं स्वाइन फ्लू के लक्षण
•नाक का लगातार बहना, छींक आना, नाक जाम होना।
•मांसपेशियों में दर्द या अकड़न महसूस करना।
•सिर में भयानक दर्द।
•कफ, ठंड और लगातार खांसी
•उनींदे रहना बहुत ज्यादा थकान महसूस होना।
•बुखार होना, दवा खाने के बाद भी बुखार का बढ़ना।
•गले में खराश होना
इनका रखें ध्यान
•खांसी या छींक आने पर रुमाल या टिश्यू पेपर का इस्तेमाल करें।
•इस्तेमाल किए मास्क या टिश्यु पेपर को ढक्कन वाले डस्टबिन में फेंकें।
•थोड़ी-थोड़ी देर में हाथ को साबुन और पानी से धोते रहें।
•लोगों से मिलने पर हाथ मिलाने, गले लगने या चूमने से बचें।
•फ्लू के शुरुआती लक्षण दिखते ही डॉक्टर से संपर्क करें।
•फ्लू के लक्षण नजर आते हैं तो दूसरों से 1 मीटर की दूरी पर रहें।
•फ्लू के लक्षण दिखने पर घर पर रहें। आफिस और अन्य जगह न जाएं।
•बिना धुले हाथों से आंख, नाक या मुंह छूने से परहेज करें।