खली की रेसलिंग पर अभी तक खलबली, नहीं बनी कोई सहमति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ग्रेट खली की रेसलिंग प्रतियोगिता ने सत्ता के गलियारों में अभी भी खलबली मचाई हुई है। कैबिनेट बैठक में रेसलिंग प्रतियोगिता को लेकर सहमति नहीं बनने के बाद बुधवार को भी सचिवालय में कई बैठकों का दौर चला। मुख्य सचिव विनीत चौधरी के साथ इस मामले को लेकर विभिन्न विभागों के अफसरों की बैठक हुई लेकिन अंतिम फैसला नहीं हो सका।
प्रतियोगिता के लिए साढ़े तीन करोड़ रुपये का इंतजाम करने की टेंशन बुधवार को भी बरकरार रही। उधर, खली को प्रदेश का ब्रांड एंबेसडर बनाने की जगह फिलहाल प्लास्टिक मुक्त हिमाचल अभियान का ब्रांड एंबेसडर बनाने का फैसला हो गया है।
चार और सात जुलाई को आयोजन
युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के मंत्री गोविंद ठाकुर ने दोपहर बाद सचिवालय में बताया कि रेसलिंग प्रतियोगिता का चार और सात जुलाई को ही आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के लिए बजट का इंतजाम कर लिया जाएगा। बजट कहां से जुटाया जाएगा। इसको लेकर हालांकि स्थिति स्पष्ट नहीं कर सके।
उन्होंने कहा कि ग्रेट खली ने हिमाचल का देश-विदेश में नाम रौशन किया है। सरकार खली की तरह हिमाचल का नाम रौशन करने वाले गायक मोहित चौहान सहित फिल्म निर्देशकों और निर्माताओं को भी तवज्जो देगी।
उन्होंने बताया कि खली को प्लास्टिक मुक्त हिमाचल अभियान का ब्रांड एंबेसडर बनाने का फैसला लिया गया है। खली के माध्यम से प्रदेश की जनता को प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने की अपील की जाएगी।
मंडी, सोलन में होनी है प्रतियोगिता
डब्ल्यूडब्ल्यूई प्रतियोगिता का मंडी में चार जुलाई और सोलन में सात जुलाई को आयोजन करने की योजना है। प्रतियोगिता में ग्रेट खली के अलावा कई अंतरराष्ट्रीय रेसलर भी शामिल होंगे। इनमें महिला रेसलर भी होंगी। प्रतियोगिता के दौरान लोगों का मनोरंजन करने के लिए अभिनेत्री राखी सावंत को भी बुलाया जाना है।
मौसम के पूर्वानुमान ने बढ़ाई परेशानी- प्रदेश में मानसून की एंट्री होते ही चार और सात जुलाई को होनी वाली प्रतियोगिताओं को लेकर सरकार की परेशानी बढ़ गई है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि सरकार इन तारीखों में बदलाव भी कर सकती है।