Shimla News: दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा बनेगी छात्रा अंकिता
शिमला जिले के पीजी कॉलेज सरस्वतीनगर की छात्रा अंकिता दिल्ली में होने वाली गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा बनेंगी। अंकिता कॉलेज की पहली छात्रा है, जिसका चयन हुआ है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के पीजी कॉलेज सरस्वतीनगर की छात्रा अंकिता दिल्ली में होने वाली गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा बनेंगी। अंकिता कॉलेज की पहली छात्रा है, जिसका चयन हुआ है। अंकिता बीए तृतीय वर्ष की छात्रा है और साथ ही एनसीसी कैडेट भी है। वह मूल रूप से भोलाड़ गांव की रहने वाली है। उसका चयन बतौर एनसीसी कैडेट उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के आधार पर हुआ है। अंकिता का चयन परेड के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए भी हुई है। अंकिता के पिता मुरत सिंह भी बेटी की उपलब्धि से काफी खुश हैं। सरस्वतीनगर कॉलेज के एनसीसी प्रभारी डॉ. रोहित मोक्टा ने बताया कि अंकिता कालेज की पहली छात्रा है, जिसका चयन दिल्ली की 26 जनवरी परेड के लिए हुआ है। अंकिता के चयन से कॉलेज में खुशी का माहौल है। प्राचार्य पीपी चौहान ने अंकिता व कॉलेज की एनएसएस इकाई को बधाई दी है।
कोटला का नीतिश राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस परेड के लिए चयनित
वहीं, राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटला के तीन छात्रों अर्ष राणा, नीतीश कुमार तथा प्राची ने प्री गणतंत्र दिवस परेड में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुन्नी शिमला में हिस्सा लिया। इनमें से नीतीश कुमार का चयन राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस परेड के लिए हुआ है। अब नीतिश 26 जनवरी को होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होकर जिला कांगड़ा का प्रतिनिधित्व करेगा। जिला उप समन्वयक नरेंद्र सिंह ने बताया इन बच्चों ने कठिन परिश्रम करने के बाद यह स्थान हासिल किया है। प्रधानाचार्य बबीता सहोत्रा ने इस उपलब्धि के लिए सभी बच्चों को बधाई दी। इस अवसर पर सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।